हेलीकॉप्टर हादसाः चार शव बरामद, पांचवें की तलाश जारी! शुक्रवार को अरूणाचल प्रदेश में क्रैश हो गया था मिलिट्री हेलीकॉप्टर ‘रुद्र’
नई दिल्ली। अरूणाचल प्रदेश में मिलिट्री हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद चार शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि पांचवे की तलाश लगातार जारी है। बता दें कि शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में मिलिट्री हेलिकॉप्टर ‘रुद्र’ क्रैश हो गया। हादसा टूटिंग हेडक्वार्टर से 25 किलोमीटर दूर सिंगिंग गांव के पास हुआ है। रुद्र सेना का अटैक हेलिकॉप्टर है। इसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने भारतीय सेना के लिए बनाया है। यह हल्के ध्रुव हेलिकाप्टर का वेपन सिस्टम इंटीग्रेटेड संस्करण है।
बता दें कि इससे पहले 5 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग इलाके में आर्मी का एक चीता हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ था। हेलिकॉप्टर में दो पायलट सवार थे। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। 12 अक्टूबर को भारतीय नौसेना का मिग 29के लड़ाकू विमान क्रैश हो गया था। नौसेना ने इसकी जानकारी दी थी कि विमान के पायलट सुरक्षित थे और हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ था। नौसेना की तरफ से जारी बयान में बताया गया था कि गोवा से समुद्र के ऊपर नियमित उड़ान भर रहे MiG 29K में वापसी के दौरान तकनीकी खराबी आ गई।