• Home
  • News
  • Helicopter Service Bookings for Kedarnath Dham Begin on April 11! The Portal Opens on the IRCTC Website at 12:00 PM.

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की बुकिंग 11 अप्रैल से शुरू! आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर दोपहर 12 बजे खुलेगा पोर्टल

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 08, 2026 02:04 PM
Helicopter Service Bookings for Kedarnath Dham Begin on April 11! The Portal Opens on the IRCTC Website at 12:00 PM.

देहरादून: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए हेली सेवा की टिकट बुकिंग 11 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। श्रद्धालु आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। सबसे पहले 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। ऐसे में हेली सेवा की बुकिंग शुरू होने से उन श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी, जो कम समय में सुरक्षित तरीके से बाबा केदारनाथ के दर्शन करना चाहते हैं। इस बार केदारनाथ हेली शटल सेवा को पूरी तरह हाईटेक बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है, जिससे यात्रा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जा सके। हेली सेवाओं के संचालन और निगरानी के लिए अत्याधुनिक सिस्टम तैयार किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष केदारनाथ हेली सेवा 8 हेलीपैड से संचालित की जाएगी। यात्रा मार्ग पर बेहतर संचार व्यवस्था के लिए तीन वेरी हाई फ्रीक्वेंसी (वीएचएफ) सेटअप स्थापित किए गए हैं, जबकि तीन अतिरिक्त सिस्टम बैकअप के रूप में रखे गए हैं। इसके साथ ही यूकाडा द्वारा 18 पैन-टिल्ट-जूम (पीटीजेड) कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं और शेष 6 कैमरों का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इन हाईटेक कैमरों के जरिए हेली सेवाओं की गतिविधियों पर रियल-टाइम निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सके। सभी हेलीकॉप्टरों में लाइव ट्रैकिंग डिवाइस भी अनिवार्य किए गए हैं, जिससे उनकी लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और किसी दुर्घटना की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से किया जा सकेगा। मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सहस्त्रधारा, केदारनाथ, बदरीनाथ, सीतापुर, झाला और खरसाली में ऑटोमेटिक वेदर ऑब्जर्विंग सिस्टम और सेलोमीटर लगाए जा रहे हैं। इससे पायलट और कंट्रोल रूम को समय-समय पर मौसम अपडेट मिलते रहेंगे, जिससे उड़ानों का संचालन सुरक्षित ढंग से किया जा सकेगा। इसके अलावा, चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ, बदरीनाथ, सहस्त्रधारा और सिरसी में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) केंद्र सक्रिय रहेंगे। वर्तमान में सहस्त्रधारा और सिरसी में एटीसी कार्यरत हैं, जबकि केदारनाथ और बदरीनाथ में भी जल्द ही यह सुविधा शुरू हो जाएगी। एटीसी के माध्यम से यात्रियों को उड़ानों के समय, देरी या रद्द होने की जानकारी तुरंत मिल सकेगी। यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि यात्रा के दौरान हेली सेवाओं की निगरानी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेगी। डीजीसीए, भारत मौसम विभाग और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह हाईटेक हेली शटल सेवा न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेगी। यह पहल चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी।


संबंधित आलेख: