ऐतिहासिकः संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय पर सुनी जायेगी पीएम मोदी के ‘मन की बात’! कल प्रसारित होगा 100वां एपिसोड, बिल गेट्स ने दी बधाई
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100वें एपिसोड का प्रसारण संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय पर भी किया जायेगा। इस कार्यक्रम का 100 एपिसोड रविवार 30 अप्रैल को प्रसारित होगा। इस खास मौके पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भी पीएम मोदी को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मन की बात ने महिलाओं के आर्थिक, सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य मुद्दों पर विकास के क्षेत्र में जागरूक किया है। इस ऐतिहासिक क्षण पर यूएन ने ट्वीट पर कहा कि ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड का लाइव प्रसारण @UN मुख्यालय में ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर में भी दिखाया जाएगा। मन की बात के 100वां एपिसोड का लाइव प्रसारण भारतीय समयनुसार 30 अप्रैल को सुबह के 11 बजे होगा, तब न्यूयॉर्क में डेढ़ बज रहा होगा। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में रविवार को इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगा। स्थाई मिशन ने कहा कि मन की बात एक मासिक राष्ट्रीय परंपरा बन गई है। ये लाखों लोगों को भारत की विकास यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करती है। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास, सामुदायिक संगठन के साथ मिलकर भारतीय-अमेरिकी और प्रवासी समुदाय के लिए न्यू जर्सी में रविवार डेढ़ बजे इस कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। उन्होंने कहा कि रविवार 30 अप्रैल डेढ़ बजे मन की बात देखना भूलना मत। इस कार्यक्रम के 100वें एपिसोड के लिए मिलकर जश्न मनाएंगे। पीएम मोदी भारतीय और प्रवासियों और दुनिया के श्रोताओं से जुड़ेंगे।