• Home
  • News
  • Holy City Shamed: Hooligans from Haryana Create Ruckus at Har Ki Pauri After Consuming Alcohol; Misbehave with Women

धर्मनगरी शर्मसार: हरकी पैड़ी पर हरियाणा के हुड़दंगियों ने शराब पीकर काटा बवाल, महिलाओं से की अभद्रता

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 27, 2026 08:05 AM
Holy City Shamed: Hooligans from Haryana Create Ruckus at Har Ki Pauri After Consuming Alcohol; Misbehave with Women

हरिद्वार। उत्तराखंड की पावन धर्मनगरी हरिद्वार से तीर्थ क्षेत्र की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। बीती देर रात हरकी पैड़ी क्षेत्र में हरियाणा से आए चार पर्यटकों ने शराब के नशे में धुत होकर जमकर उत्पात मचाया। इन हुड़दंगियों पर न सिर्फ गंगा घाट की पवित्रता से खिलवाड़ करने का आरोप है, बल्कि इन्होंने वहां मौजूद महिला श्रद्धालुओं के साथ छेड़छाड़ और घोर अभद्रता भी की। स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों के कड़े विरोध के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चश्मदीदों के मुताबिक,घटना आधी रात की है जब हरियाणा के यह चार युवक शराब के अत्यधिक नशे में हरकी पैड़ी बाजार और घाटों पर घूम रहे थे।अत्यधिक नशे के कारण युवकों के पैर लड़खड़ा रहे थे। बाजार से लेकर गंगा घाट तक इन्होंने वहां से गुजर रही महिलाओं के साथ बदसलूकी की। युवकों की इस ओछी हरकत को देखकर घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस पूरे घटनाक्रम और महिलाओं से की जा रही अभद्रता का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घाट पर भारी भीड़ जमा होने और स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखकर हुड़दंगियों के होश उड़ गए। लोगों ने पहले उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी चौकी पुलिस तुरंत एक्शन में आई और घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। पुलिस को देखकर कुछ युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। वहीं एक युवक इस कदर नशे में डूबा था कि उससे गंगा जी से बाहर तक नहीं निकला जा रहा था। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में ऋषिकेश में हुए एक विवाद के बाद सोशल मीडिया पर हरियाणा और उत्तराखंड के लोगों के बीच पहले से ही तीखी बहस चल रही है। इस घटना ने जलती आग में घी का काम किया है।  हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने इस हरकत पर गहरा रोष जताते हुए प्रशासन से मांग की है कि धर्मनगरी की मर्यादा और देवभूमि की गरिमा को सुरक्षित रखने के लिए हरकी पैड़ी क्षेत्र में पुलिस की सख्त निगरानी और गश्त बढ़ाई जाए।


 


संबंधित आलेख: