• Home
  • News
  • 'Hooliganism' on Kedarnath Pilgrimage Proves Costly: Haryana-Registered Vehicle Fined for Performing Stunts on Highway; Police Issue Stern Warning

केदारनाथ यात्रा में 'हुड़दंग' पड़ा भारी: हाईवे पर स्टंट करने वाली हरियाणा की गाड़ी का चालान, पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 27, 2026 05:04 AM
'Hooliganism' on Kedarnath Pilgrimage Proves Costly: Haryana-Registered Vehicle Fined for Performing Stunts on Highway; Police Issue Stern Warning

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है, लेकिन आस्था के इस सफर में कुछ लोग मर्यादा और सुरक्षा को ताक पर रखकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। हाल ही में तिलवाड़ा और अगस्त्यमुनि के बीच हाईवे पर एक वाहन सवार द्वारा चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए संबंधित वाहन का भारी-भरकम चालान काटकर हुड़दंगियों को सख्त संदेश दिया है।

बाबा केदार के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। यात्रा के शुरुआती पांच दिनों में ही 1.5 लाख से अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं। भीड़ बढ़ने के कारण सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव है। ऐसे में हरियाणा नंबर की गाड़ी में सवार युवक का खतरनाक स्टंट न केवल अपनी जान के लिए खतरा था, बल्कि अन्य यात्रियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं का स्वागत है, लेकिन यात्रा की आड़ में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए गौरीकुंड पुलिस ने नेपाली मजदूरों के ठिकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पाया गया कि सीमा पार से आए कई नए व्यक्तियों का स्थानीय पुलिस में पंजीकरण या सत्यापन नहीं कराया गया था। इसे सुरक्षा में बड़ी चूक मानते हुए पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत सख्त चालानी कार्रवाई की। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए हैं कि बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को देना अनिवार्य है। केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर पिछले छह दिनों से खुद धाम में कैंप कर रही हैं। उन्होंने बेस कैंप से लेकर लिंचोली, भीमबली, जंगलचट्टी और गौरीकुंड तक के पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। एसपी ने चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
 


संबंधित आलेख: