• Home
  • News
  • Horrific accident involving a bus carrying Kanwariyas in Koderma; three pilgrims from Nepal killed in collision with a trailer truck.

कोडरमा में कांवरियों की बस का भीषण हादसा, टेलर से टक्कर में नेपाल के तीन श्रद्धालुओं की मौत

editor
  • Tapas Vishwas
  • August 14, 2026 01:08 PM
Horrific accident involving a bus carrying Kanwariyas in Koderma; three pilgrims from Nepal killed in collision with a trailer truck.

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में नेपाल के तीन कांवरियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सतगावां थाना क्षेत्र के देवघर-नवादा मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के पास हुआ। कांवरियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े टेलर वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के भीतर फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल के रौहट जिले से करीब चार दिन पहले श्रद्धालुओं का जत्था देवघर के लिए रवाना हुआ था। बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद कांवरियों से भरी बस राजगीर की ओर जा रही थी। बताया गया कि बीती रात बस बासुकीनाथ से राजगीर के लिए निकली थी। शुक्रवार अहले सुबह पोखरडीहा मोड़ के पास पहुंचने पर चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टेलर से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 45 कांवरिया सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई श्रद्धालु अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद फंसे यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक, हादसे में तीन कांवरियों की मौत हो चुकी है। करीब 10 घायल कांवरियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। मृतक और घायल सभी नेपाल के रहने वाले बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद आने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि लगातार रात में बस चलाने के दौरान चालक को हल्की झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और बस खड़े टेलर से टकरा गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन ने घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। दुर्घटना ने एक बार फिर रात में लंबी दूरी के सफर के दौरान वाहन चालकों की थकान और नींद से होने वाले सड़क हादसों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


संबंधित आलेख: