बिहार में खौफनाक डबल मर्डर: घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी और पत्नी की नृशंस हत्या, हाथ-पैर बांध मुंह पर चिपकाया टेप,सीसीटीवी में दिखे 2 संदिग्ध
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में सोमवार शाम घटी एक दुस्साहसिक वारदात से पूरा इलाका थर्रा उठा। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ले में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुमार और उनकी पत्नी नीलम कुमारी की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राथमिक जांच के मुताबिक,अपराधियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सबसे पहले घर के ग्राउंड फ्लोर में घुसे, जहाँ उन्होंने 75 वर्षीय अशोक कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद दरिंदों ने ऊपर के फ्लोर पर मौजूद उनकी पत्नी नीलम कुमारी को निशाना बनाया। अपराधियों ने नीलम कुमारी के हाथ-पैर बांध दिए और चीख-पुकार दबाने के लिए मुंह पर सेलोटेप चिपका दिया। इसके बाद गमछे से उनका गला घोंटकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब दंपति का बेटा, जो बिहार से बाहर इंजीनियर है, उसने घर के सीसीटीवी कैमरे में कुछ असामान्य गतिविधि देखी। अनहोनी की आशंका जताते हुए उसने तुरंत पड़ोसी चिंकू को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। शाम करीब 7:40 बजे जब पड़ोसी चिंकू घर के भीतर पहुँचा, तो उसके होश उड़ गए। उसने बताया कि अशोक कुमार बेड पर खून से लथपथ पड़े थे। सीढ़ी पर बदमाशों का एक ग्लव्स (दस्ताना) छूटा हुआ था। जब वह ऊपर गया तो नीलम कुमारी का शव पड़ा था, जिनके हाथ-पैर बंधे थे और गले में गमछा कसा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और पूरे क्राइम सीन को सील कर दिया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला और डॉग स्क्वायड की टीमों ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से ग्लव्स, एक झोला, इयरफोन, टेप सहित कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कंतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वारदात शाम करीब 4:30 बजे के आसपास अंजाम दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं, जिनकी शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। एसएसपी के अनुसार, परिजनों ने ज़मीन से जुड़े पुराने विवाद की जानकारी दी है। इसके अलावा मकान में रह रहे तीन पुराने किरायेदारों और हाल ही में शिफ्ट हुए एक नए किरायेदार से भी गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।