भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर अज्ञात वाहन में घुसी कार,चालक समेत 4 युवकों की दर्दनाक मौत,2 गंभीर
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर दिल्ली की तरफ जा रही एक वैगनआर कार आगे चल रहे किसी अज्ञात भारी वाहन में पीछे से बेहद तेज रफ्तार के साथ घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार चालक मोहम्मद सलमान (27 वर्ष) समेत चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
रामपुर के पंखेवालान गेट बमनपुरी निवासी तनवीर ने पुलिस को बताया कि उनके भाई मोहम्मद सलमान टैक्सी के रूप में अपनी वैगनआर कार चलाते थे। बुधवार को दूसरे राज्य के रहने वाले पांच युवक रामपुर से दिल्ली जाने की तैयारी में थे, लेकिन किसी कारणवश रामपुर रेलवे स्टेशन पर उनकी ट्रेन छूट गई। दिल्ली पहुंचना जरूरी होने के कारण इन युवकों ने बुधवार तड़के दिल्ली जाने के लिए सलमान की वैगनआर कार किराए पर ली। सलमान उन पांचों युवकों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 4 बजे जैसे ही उनकी कार गजरौला में ख्यालीपुर ढाल से लगभग 200 मीटर आगे पहुंची, तभी अचानक कार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी और स्थानीय पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को कार से बाहर निकाला। घायलों की पहचान हसनैन और समेतुल इस्लाम के रूप में हुई है, जिन्हें तुरंत डिडौली कोतवाली क्षेत्र के चौधरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में चार युवकों की मौत हुई है, जिनमें से एक की पहचान रामपुर निवासी चालक मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है। बाकी तीन मृतकों के पास से कोई पहचान पत्र न मिलने के कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। सभी चारों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से मोर्चरी भिजवा दिया गया है। मृतकों की पहचान होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वे कहां के रहने वाले थे और क्या काम करते थे। दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक चालक सलमान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके। हाईवे पर तड़के हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और रात के समय ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।