• Home
  • News
  • Horrific Road Accident in Andhra Pradesh: Bus Collides with Gravel-Laden Truck; 13 Passengers Burn to Death

आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बजरी से लदे ट्रक से टकराई बस, 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

editor
  • Tapas Vishwas
  • March 26, 2026 11:03 AM
Horrific Road Accident in Andhra Pradesh: Bus Collides with Gravel-Laden Truck; 13 Passengers Burn to Death

मार्कपुरम।आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार की सुबह एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। रायवरम के पास एक निजी बस और बजरी से लदे ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हृदयविदारक घटना में 13 यात्रियों की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6:30 बजे रायवरम के पास स्लैब खदानों के समीप हुआ। निजी बस जगतियाल से कनिगिरी की ओर जा रही थी, जिसमें लगभग 30 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रहा बजरी से लदा ट्रक अत्यंत तेज गति में था और अनियंत्रित होकर बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली। चीख-पुकार के बीच कुछ यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर जान बचाई, लेकिन बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्री बाहर नहीं निकल सके और आग की लपटों में घिर गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। मार्कपुरम के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नागराजू ने बताया कि शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ अवशेष अभी भी बस के ढांचे के भीतर फंसे हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल शवों को बाहर निकालकर शिनाख्त की कोशिश कर रही है।

बचाव दल ने अब तक 18 घायलों को बस से निकालकर मार्कपुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय विधायक कंदुला नारायण रेड्डी ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि मरने वाले अधिकांश लोग कनिगिरी इलाके के ही रहने वाले थे, जो अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को 'अत्यंत दुखद' बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कैबिनेट बैठक के दौरान इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को हर संभव चिकित्सा और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि क्या ट्रक चालक नशे में था या उसे नींद की झपकी आई थी। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 


संबंधित आलेख: