• Home
  • News
  • Horrific road accident in Bihar: Speeding car collides with a truck in Begusarai; four people, including three Station House Officers (SHOs) from Madhepura, killed tragically.

बिहार में भीषण सड़क हादसा: बेगूसराय में ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; मधेपुरा के 3 थाना प्रभारियों समेत 4 की दर्दनाक मौत

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 12, 2026 07:06 AM
Horrific road accident in Bihar: Speeding car collides with a truck in Begusarai; four people, including three Station House Officers (SHOs) from Madhepura, killed tragically.

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले से एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 (NH 31) पर गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में मधेपुरा जिले के तीन जांबाज सब-इंस्पेक्टर (दारोगा/थाना प्रभारी) और उनके गाड़ी के चालक की मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस वीभत्स घटना के बाद पूरे बिहार पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा के समीप एनएच 31 पर देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार और सदर डीएसपी आनंद पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार,मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में तैनात तीन थाना प्रभारी राजधानी पटना में एकदिवसीय सरकारी प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) में भाग लेने गए थे। गुरुवार रात वे सभी एक ही कार में सवार होकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान बखड्डा के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे जा रहे एक ट्रक से पीछे से बेहद जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। बेलारी के थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरार के थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं, रतवारा के थाना प्रभारी साजन पासवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने उन्हें आनन-फानन में बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना प्रकट करते हुए लिखा "बेगूसराय में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारियों एवं वाहन चालक के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरा आघात है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि हादसा कार की ओवरस्पीडिंग के कारण हुआ या फिर ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह दर्दनाक मोड़ आया। एक साथ तीन होनहार अधिकारियों को खोने से मधेपुरा और बेगूसराय पुलिस प्रशासन पूरी तरह गमगीन है।
 


 


संबंधित आलेख: