उत्तराखण्ड के हरिद्वार में भीषण सड़क हादसाः फ्लाईओवर पर रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, तीन की गई जान
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास उत्तराखंड परिवहन निगम की टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और टक्कर के बाद दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की तरफ जा रहा था। श्यामपुर क्षेत्र के फ्लाईओवर के मोड़ पर अचानक दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए, जबकि रोडवेज बस का अगला हिस्सा, विशेष रूप से चालक की ओर का भाग, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय पिकअप वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के प्रभाव से दो व्यक्ति फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया। वहीं क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त बस और पिकअप वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया जा सका। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान पिकअप सवार 18 वर्षीय अहान पुत्र शराफत, निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 42 वर्षीय शराफत और उनकी पत्नी 35 वर्षीय शबाना को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में घायल अन्नू पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल पुत्र राम रहीश, तथा शमीम पुत्र हसीनुद्दीन का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।