कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: संगम से मुंडन कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्राला से टकराई, 8 की मौत
कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। रामनवमी के पावन अवसर पर संगम नगरी प्रयागराज में बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े एक अनियंत्रित ट्राला में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 18 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र स्थित बड़ोखर गांव के रहने वाले लगभग 25 लोग एक पिकअप वाहन पर सवार होकर प्रयागराज आए थे। परिवार में बच्चे का मुंडन संस्कार और संगम स्नान संपन्न करने के बाद सभी लोग खुशी-खुशी अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब पौने चार बजे जैसे ही पिकअप सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा पेट्रोल पंप के समीप पहुँची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्राला से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ घायल तड़पते दिखाई दिए। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने चार एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल ले जाते समय और उपचार के दौरान कुल 8 लोगों ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से कुछ की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुँच गए। क्षतिग्रस्त पिकअप को क्रेन के माध्यम से सड़क से हटाकर किनारे किया गया, तब जाकर हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका। हादसे के चलते काफी देर तक कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के कारण प्रतीत हो रहा है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। बड़ोखर गांव में इस दुखद सूचना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि सड़क किनारे खड़े ट्राला की स्थिति नियम विरुद्ध तो नहीं थी।