• Home
  • News
  • Horrifying incident in Gumla: Mother takes her own life by jumping into a well with her two young children; silence descends as bodies of three family members are found.

गुमला में कलेजा कंपा देने वाली घटना: मां ने दो मासूम बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान, एक ही परिवार के तीन शव मिलने से पसरा सन्नाटा

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 25, 2026 02:06 PM
Horrifying incident in Gumla: Mother takes her own life by jumping into a well with her two young children; silence descends as bodies of three family members are found.

गुमला। झारखंड के गुमला जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक कुएं से महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद होने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही एक बेबस मां ने अपने दो कलेजे के टुकड़ों के साथ कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों की आंखें भी नम हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मनातू गांव निवासी जगन्नाथ उरांव की पत्नी परदेशनी कुमारी (27 वर्ष), उनके इकलौते पुत्र अंश उरांव (5 वर्ष) तथा मासूम पुत्री आशमानी कुमारी (4 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार की दोपहर उनकी पत्नी रोज की तरह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर घर से निकली थीं। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी तीनों घर नहीं लौटे, तो परिवार में बेचैनी बढ़ने लगी। जगन्नाथ की मां गुनिया देवी और बहन संतोषी कुमारी ने आस-पड़ोस और गांव में हर जगह उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान आशंका होने पर जब पति जगन्नाथ उरांव ने घर के ही पास स्थित एक कुएं में झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कुएं के पानी के ऊपर कपड़े तैरते हुए दिखाई दे रहे थे। अनहोनी की आशंका से घबराए जगन्नाथ ने तुरंत चीख-पुकार मचाकर ग्रामीणों को मौके पर इकट्ठा किया। इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सी और झागर (लोहे का कांटा) के सहारे कुएं के गहरे पानी में तलाशी अभियान शुरू किया। कुएं में कांटा डालते ही सबसे पहले 5 वर्षीय मासूम अंश उरांव का निष्प्राण शरीर ऊपर आया। इसके बाद ग्रामीणों ने भारी मन से बारी-बारी से महिला परदेशनी कुमारी और उसकी 4 साल की बेटी आशमानी के शव को भी बाहर निकाला। एक साथ तीन लाशें बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। इस सामूहिक दुखद घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल का मुआयना किया और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। थाना पुलिस का कहना है कि हालांकि प्राथमिक जांच, परिजनों के बयान और ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक महिला के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस केवल इसी को अंतिम सच नहीं मान रही है। प्रशासन इस बात की भी गहराई से तफ्तीश कर रहा है कि यह पूरी तरह आत्महत्या का मामला है या इस दर्दनाक घटना के पीछे कोई अन्य पारिवारिक अथवा सामाजिक वजह तो नहीं रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
 


संबंधित आलेख: