रुद्रपुर में खौफनाक वारदात: कांग्रेस नेता के भाई और भतीजों के खिलाफ अपहरण व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली सी बात पर कांग्रेस परिवार के दबंगों ने कानून और पुलिस के खौफ को ताक पर रखकर घर में घुसकर तांडव मचाया। स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर गाड़ियों में सवार होकर कांग्रेस परिवार के दबंगों ने एक युवक का फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर लिया। इसके बाद उन्हें ठंडी सड़क पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में गाड़ी क्रॉस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। इस मामले में कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा के भाई और भतीजों सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण और हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, नवीन खेड़ा के पुत्र राघव खेड़ा का गाड़ी क्रॉस करने को लेकर एक युवक से विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि नवीन खेड़ा, राघव खेड़ा,विवेक खेड़ा,मोंटी रावत, पिंटू, कशिश खेड़ा, राधा समेत करीब 8 अन्य लोग एकजुट होकर युवक के घर में जबरन घुस गए। घर के अंदर युवक के न मिलने पर कांग्रेस परिवार के दबंगों और हमलावरों का गुस्सा और भड़क गया। वे तुरंत स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर गाड़ियों में सवार होकर ठंडी सड़क पर पहुंचे और वहां से युवक को जबरन अगवा कर लिया। वही अपहरण के बाद आरोपियों ने ठंडी सड़क पर युवक को लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, बेल्ट और धारदार हथियारों से बुरी तरह पीटा। इस जानलेवा हमले में युवक का सिर दो जगह से फट गया और उंगली पर भी गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इतना ही नहीं जाते-जाते आरोपियों ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई। वही इस पूरे मामले में पुलिस ने शिकायत और जांच के आधार पर नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार,आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी है।