खौफनाकः यूपी में लखीमपुर के बाद अब बदायूं में लड़की की रेप के बाद हत्या! घटना से इलाके में तनाव, मुंह में मिट्टी भरकर मार डाला
नई दिल्ली। यूपी में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। अभी हाल ही में लखीमपुर की दो सगी बहनों की रेप के बाद हत्या कर दी गयी थी। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब बदायूं में भी लखीमपुर जैसा मामला सामने आया है। यहां एक दलित लड़की की रेप के बाद हत्या की गई है। मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि लड़की शुक्रवार रात से लापता थी और शनिवार देर शाम उसका शव मिला। रविवार सुबह पुलिस ने आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रेप और हत्या की बात कबूल ली है। उसने पुलिस को बताया कि वो शराब के नशे में था। रेप के बाद मुंह में मिट्टी भरकर उसे दबा दिया।
मामले में लड़की की मां ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चौकी पर तैनात स्टाफ अगर लापरवाही न करता तो आज मेरी बेटी जिंदा होती। चौकी वालों ने मेरी बेटी को मरवा दिया।लड़की की उम्र 16 साल थी। फैजगंज बेहटा इलाके के एक गांव में मां, पिता और भाई के साथ रहती थी। पीड़िता शुक्रवार रात को लापता हुई थी। उसकी मां ने कहा कि मेरी बेटी मानसिक रूप से कमजोर थी। वो अक्सर गांव में घूमने के लिए चली जाती थी। उस दिन यानी शुक्रवार को भी ऐसा ही हुआ था। बेटी गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी देर नहीं लौटी तो हमने गांव में तलाश शुरू की। आस-पास के लोगों से पूछताछ की। लेकिन, उसका पता नहीं चला। हम चौकी पर भी गए। वहां पुलिस को बेटी के लापता होने के बारे में बताया। उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।