अगर रिश्ते सिर्फ “बॉडी काउंट” तक सिमट गए,तो इंसानियत का काउंट बहुत जल्द हो जाएगा ज़ीरो!बेहद गंभीर और चेताने वाला विषय है Gen Z का Cool होकर पूछना कि तुम्हारा Body count क्या है?
अगर रिश्ते सिर्फ “बॉडी काउंट” तक सिमट गए,तो इंसानियत का काउंट बहुत जल्द ज़ीरो हो जाएगा।
बेहद गंभीर और चेताने वाला विषय है Gen Z का Cool ???? होकर पूछना कि तुम्हारा Body count क्या है?
मेरे एक सहेली ने मुझे बताया कि उसके 15 वर्षीय बेटे ने उससे एक ऐसा सवाल पूछा, जिसे सुनकर एक मां के रूप में मैं भी भीतर तक सिहर गई,क्योंकि मेरा भी 16 वर्षीय एक बेटा है। सवाल था कि“ मम्मी आपका बॉडी काउंट कितना है?” मेरी सहेली तो जैसे काटो तो खून नहीं वाली स्थिति में आ गई। एक मिडिल क्लास फैमिली में सास ससुर पति नन्द सबके बीच रहने वाली एक सामान्य महिला से उसके बच्चे ने जब ये सवाल पूछा तो वो न सिर्फ निरुत्तर हो गई बल्कि उसकी रातों की नींद भी उड़ गई।
यह सिर्फ एक व्यक्तिगत सवाल नहीं था, बल्कि उस मानसिक बदलाव का संकेत था, जो चुपचाप हमारे घरों, परिवारों और समाज की नींव में सेंध लगा रहा है। हम जिस पीढ़ी से आते हैं, वहां मां-बाप और बच्चों के बीच एक स्वाभाविक पर्दा होता था—शर्म का, इज्जत का,मान मर्यादा का और आदर-सम्मान का।

‘Body Count’ आखिर है क्या?
आज की Gen Z की भाषा में Body Count का मतलब है,किसी व्यक्ति के अब तक के कुल शारीरिक (सेक्सुअल) पार्टनर्स की संख्या। जो बात पहले निजी, सीमित और संवेदनशील मानी जाती थी, उसे आज खुले तौर पर आंकड़ों में बदला जा रहा है। और उससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि आज Body Count को व्यक्ति की वैल्यू, आकर्षण और “Aura” से जोड़ा जा रहा है। जिसका बॉडी काउंट ज्यादा,वह “एक्सपीरियंस्ड”, “कूल” और “हाई ऑरा” वाला माना जाता है। जिसका बॉडी काउंट शून्य है, या जो शादी के बाद केवल अपने जीवनसाथी के साथ रहा है—उसे “लो ऑरा”, “आउटडेटेड” और “अनफिट” समझा जाने लगा है।
आज की Gen Z इस पर्दे को “आउटडेटेड” कहकर खारिज कर रही है। उनके लिए यह सवाल न तो अशोभनीय है, न असहज! बल्कि पूरी तरह से नॉर्मल है। आज की युवा पीढ़ी में एक खतरनाक धारणा तेजी से फैल रही है कि किसी व्यक्ति का “Aura” उसके बॉडी काउंट से तय होता है।
जब रिश्तों को आंकड़ों में मापा जाने लगता है, तो इंसान धीरे-धीरे भावनात्मक रूप से कमजोर हो जाता है। बॉडी काउंट कल्चर व्यक्ति को यह सिखाता है कि रिश्ते प्रेम,गहराई, समर्पण ,भरोसे और ज़िम्मेदारी से नहीं, बल्कि फिजिकल एक्सेस और सेक्स से ही बनते हैं। यह सोच रिश्तों को उपभोग की वस्तु बना देती है। जहां इंसान इंसान नहीं, बल्कि किसी के लिए “एक और अनुभव” बनकर रह जाता है। जो सिर्फ सिचुएशनशिप,नैनो शिप, ड्यूशिप, डे शिप, मंथ शिप,और म्युचल शिप तक ही सीमित होता है। यानी जब तक आप किसी के साथ है बिना फीलिंग्स के बस फिजिकल रिलेशन बनाते रहो, ऊब जाओ तो किसी और के साथ हो लो। ये अन साइनड बाउंड है। जो सिर्फ आज़ादी नहीं, बीमारियों का जोखिम लेकर आता है,मेंटली फिजिकली दोनों रूप में।
यह विषय केवल नैतिक नहीं बल्कि गंभीर स्वास्थ्य संकट से भी जुड़ा है। लगातार और असुरक्षित शारीरिक संबंध HIV/AIDS, सिफिलिस, गोनोरिया, HPV जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ा देते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठनों की रिपोर्ट्स स्पष्ट करती हैं कि युवा वर्ग में यौन-जनित बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं—लेकिन “मॉडर्निटी” के शोर में यह सच्चाई दबा दी जाती है। आज की पीढ़ी रिश्तों से ज्यादा रिलेशनशिप्स में विश्वास करती है।परिवार बसाने, बच्चों की ज़िम्मेदारी उठाने को “बोझ” माना जा रहा है।
दुनिया के कई विकसित देशों में जनसंख्या तेजी से घट रही है,जहां युवा शादी और संतान से दूर भाग रहे हैं। यूरोप, जापान, कोरिया जैसे कई देशों में जनसंख्या तेजी से घट रही है। यह सिर्फ आर्थिक या करियर का मुद्दा नहीं, बल्कि हो सकता है कि ऐसी ही सोच का नतीजा हो। अगर यही मानसिकता आगे बढ़ती रही, तो समाज का संतुलन टूट जाएगा,समाज की परिकल्पना परिवार के आधार पर की गई थी और इस गंभीर विषय की वजह से परिवार ही कमजोर होंगे, भावनात्मक सहारा खत्म होगा और इंसान अकेलेपन की महामारी में फंस जाएगा।
यह लेख किसी एक पीढ़ी के खिलाफ नहीं, बल्कि मेरे लियर बाकी सभी माता-पिता के लिए एक चेतावनी है। अगर हम चुप रहे, हम का मतलब केवल पैरेंट्स नहीं बल्कि स्कूल कॉलेज भी है। अगर हमने बच्चों से खुलकर, संयम और मूल्यों के साथ संवाद नहीं किया, तो इंटरनेट, सोशल मीडिया और अधूरी आधुनिक सोच उन्हें उल्टी दिशा ही देगी। आधुनिक बनना गलत नहीं है, लेकिन मर्यादा खोकर आधुनिक बनना समाज को भीतर से खोखला कर देता है।
यह लेख किसी एक पीढ़ी को दोष देने के लिए नहीं है और न ही किसी पर नैतिकता थोपने का प्रयास है। यह एक माता-पिता की चिंता है, उन सभी अभिभावकों के लिए एक चेतावनी, जो यह मान बैठे हैं कि उनका बच्चा समझदार है और उसे किसी मार्गदर्शन की आवश्यकता नहीं। आज की पीढ़ी की भाषा, सोच और रिश्तों की परिभाषा तेजी से बदल रही है। Body Count, Casual Relationships और No Commitment जैसे शब्द अब केवल सोशल मीडिया या इंटरनेट स्लैंग नहीं रह गए हैं, बल्कि बच्चों की सामान्य बातचीत का हिस्सा बन चुके हैं। यह बदलाव अचानक नहीं आया। हमने ही अनजाने में संवाद छोड़ दिया और मोबाइल स्क्रीन को शिक्षक बनने दिया।
माता-पिता के लिए यह समझना जरूरी है कि बच्चों से संवाद बेहद आवश्यक है, लेकिन दोस्त बनते-बनते माता-पिता की भूमिका छोड़ देना एक गंभीर भूल हो सकती है। हर सवाल का जवाब देना जरूरी है, लेकिन हर सीमा को तोड़ देना समझदारी नहीं। बच्चों को यह फर्क समझाना होगा कि हर विषय पर बात हो सकती है, लेकिन हर बात को सामान्य मान लेना सही नहीं होता। जब संवाद में संतुलन नहीं रहता, तो बच्चे दिशा के बजाय भ्रम सीखते हैं।
सबसे बड़ा खतरा तब पैदा होता है जब माता-पिता चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं। अगर कोई बच्चा बार-बार Body Count को गर्व की तरह प्रस्तुत करने लगे, Casual Sex को रिश्तों से ऊपर रखने लगे, शादी और परिवार को बोझ कहने लगे या Commitment को कमजोरी समझने लगे, तो इसे आधुनिक सोच कहकर टालना आत्मघाती है। यह सवाल पूछने की उम्र नहीं, बल्कि सोच बिगड़ने का संकेत है। समस्या यह नहीं कि बच्चे सवाल कर रहे हैं, समस्या यह है कि माता-पिता उन सवालों को गंभीरता से नहीं ले रहे।
आज यह सच्चाई स्वीकार करनी होगी कि बच्चों की सोच घर में नहीं, बल्कि स्क्रीन पर बन रही है। Instagram Reels, Podcasts, Influencers और अधूरी, अतिवादी आधुनिकता उनके नैतिक कम्पास को तय कर रही है। अगर माता-पिता यह नहीं जानते कि उनका बच्चा क्या देख रहा है, किसे फॉलो कर रहा है और किस तरह की भाषा व विचारधारा से प्रभावित हो रहा है, तो नियंत्रण हाथ से निकल चुका है। चुप्पी अब सुरक्षा नहीं, खतरा बन चुकी है।
एक और बड़ा भ्रम यह है कि मर्यादा, संयम और संस्कार पुरानी या शर्मनाक बातें हैं। वास्तव में, इन्हें छोड़ देना बच्चों को मानसिक रूप से असुरक्षित बना देता है। सीमाएं बच्चों को कमजोर नहीं बनातीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित बनाती हैं। माता-पिता को आत्मविश्वास के साथ यह कहना सीखना होगा कि हर नई चीज सही नहीं होती और हर पुरानी चीज गलत नहीं होती। Values कोई आउटडेटेड अवधारणा नहीं, बल्कि जीवन भर साथ देने वाला सुरक्षा कवच हैं।
Sexual Health पर बातचीत भी उतनी ही जरूरी है, लेकिन डर के माध्यम से नहीं, बल्कि तथ्यों के साथ। बच्चों को यह समझाना होगा कि आज़ादी के साथ खतरे भी आते हैं। बार-बार और असुरक्षित शारीरिक संबंध केवल भावनात्मक नुकसान ही नहीं पहुंचाते, बल्कि HIV/AIDS जैसी गंभीर बीमारियों और मानसिक अस्थिरता का कारण भी बन सकते हैं। इस सच्चाई से मुंह मोड़ना बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है।
अंततः यह समझना होगा कि आधुनिक होना गलत नहीं है, लेकिन मर्यादा खोकर आधुनिक बनना समाज को भीतर से खोखला कर देता है। अगर रिश्ते केवल Body Count तक सिमट गए, तो इंसानियत का काउंट बहुत जल्द शून्य हो जाएगा। अब भी समय है सोचने का, संवाद शुरू करने का और अपने बच्चों को सही दिशा देने का। क्योंकि अगर माता-पिता चुप रह गए, तो दुनिया शोर मचाकर हमारे बच्चों को गलत रास्ता दिखाएगी।