नैनीताल:भ से भगवान भ से भ्रष्टाचार और भ से भोग लगा रहे नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी!माँ नंदा देवी महोत्सव मेले में नियमविरुद्ध कराए गए टेंडर का मामला पहुंचा कुमायूं कमिश्नर के पास
सरोवर नगरी नैनीताल में हर वर्ष आयोजित होने वाले नंदा देवी महोत्सव में मेले से सम्बंधित निविदा सशर्त नगर पालिका द्वारा निकाली गई थी अब पालिका द्वारा निविदा दिये जाने के विरोध में सभासदों ने आपत्ति दर्ज की है और इसकी शिकायत कुमाऊं कमिश्नर से करते हुए कहा है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा मां नन्दा सुनन्दा मेले से संबंधित 3 निविदा निकाली गयी थी, जिस पर नगरपालिका परिषद द्वारा विभिन्न प्रकार की शर्तें रखी गयी थी जैसे - फिटनेस प्रमाण पत्र / कार्य का अनुभव आदि । यह निविदा 22 अगस्त को खोली गयी थी, परन्तु जिस व्यक्ति विशेष की निविदा खुली उसके पूर्ण दस्तावेज न होने पर भी यह निविदा नियमविरूद्ध उन्हें दे दी गयी । जबकि नगरपालिका की जो शर्तें रखी गयी थी वो सम्बंधित व्यक्ति विशेष द्वारा पूर्ण नहीं की गयी थी। उसके बावजूद भी ये निविदा दे दी गयीं जिसमें खुला भ्रष्टाचार दिख रहा है । इस मामले में अधिशासी अधिकारी / सम्बन्धित लिपिक / लेखाकार व इस निविदा हेतु आये कमेटी सदस्य शामिल है । नगर पालिका बोर्ड इस भ्रष्टाचार का पूरा विरोध करती है तथा आंदोलन के लिए बाध्य है जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारी / सम्बन्धित लिपिक / लेखाकार व इस निविदा आये कमेटी सदस्यों की होगी । नगर पालिका बोर्ड इन निविदा को निरस्त करने की मांग करती है एवं उच्च स्तरीय जांच की भी मांग करती है तथा इस निविदा को 24 घण्टे के अन्दर पुनः कराने की मांग करती है या नगर पालिका परिषद् पूर्व की भांति इसे स्वयं कराने हेतु आपसे निवेदन करती है।

सभासदों ने कुमाऊं आयुक्त से पार्किंग को लेकर भी शिकायत करते हुए कहा है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा मनमाने तरीके से मेले और पार्किंग की निविदाएं की जा रही है जो नियम विरुद्ध है अधिशासी अधिकारी द्वारा बोर्ड बैठक नही करवाई जा रही है,सभासदों ने आयुक्त कुमाऊं से बोर्ड बैठक करवाने की भी मांग की है ।