भारत हमेशा न्याय के साथ खड़ा होता है-ईरान और अमेरिका तनाव पर बोले सीएम धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे युद्ध पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज वैश्विक स्तर पर जब भी कोई महत्वपूर्ण फैसला होता है, पूरी दुनिया भारत के रुख का इंतजार करती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत हमेशा न्याय के साथ खड़ा होता है और सही समय पर सही निर्णय लेता है। मुख्यमंत्री धामी रविवार को अपने गृह जनपद उधम सिंह नगर के काशीपुर पहुंचे थे। यहां नगर निगम काशीपुर में आयोजित भव्य ‘होली मिलन समारोह’ में उन्होंने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात पर मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत की विदेश नीति संतुलन, शांति और न्याय पर आधारित रही है। वैश्विक तनाव के इस दौर में भारत की भूमिका बेहद अहम है।
होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पूरी तरह रंगों और लोक संस्कृति के उल्लास में डूबे नजर आए। उन्होंने जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की होली विविधता, समृद्धि और लोकपरंपराओं का अद्भुत संगम है। कुमाऊंनी होली, शास्त्रीय होली और थारू होली गायन में उन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में बिहार से आए गायक मनोज कुमार के साथ ‘राम सिया राम सिया राम जय जय राम’ भजन भी गाया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भावुक स्वर में कहा कि अपनों के बीच आकर जो आत्मीयता और खुशी मिलती है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराएं ही हमारी असली ताकत हैं, जिन्हें संरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। काशीपुर को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए उन्होंने कहा कि यह नगर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। यहां अनेक देवस्थल हैं और उत्तराखंड की यात्रा का प्रमुख मार्ग भी यहीं से होकर गुजरता है। सरकार देवभूमि के सांस्कृतिक मूल्यों और मूल अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक सशक्त और सुरक्षित उत्तराखंड मिल सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। रंगोत्सव के माहौल के बीच मुख्यमंत्री का अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर दिया गया संतुलित बयान चर्चा का विषय बना रहा।