भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैचः दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर भारत ने 104 रन! गिल ने बनाया 5वां टेस्ट अर्धशतक, फिर नहीं चले केएल राहुल
नई दिल्ली। भारत-बांग्लादेश के बीच चल रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के दूसरे सेशन में भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 104 रना बना लिए हैं। इस दौरान शुभमन गिल क्रीज पर हैं और चेतेश्वर पुजारा उनका साथ दे रहे हैं। इसी के साथ शुभमन गिल ने 5वां टेस्ट अर्धशतक बनाया। जबकि कप्तान केएल राहुल 23 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले चट्टोग्राम में खेले जा रहे इस मैच में बांग्लादेश की पहली पारी 150 रन के स्कोर पर समाप्त हुई। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट हासिल किए। उमेश यादव और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला। इस तरह टीम इंडिया ने पहली पारी के आधार पर 254 रन की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि भारतीय कप्तान केएल राहुल ने बांग्लादेश को फॉलोऑन कराने के बजाय खुद बैटिंग करने का फैसला किया। भारत ने पहली पारी में 404 रन बनाए थे। बता दें कि टेस्ट में जब पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम पहली पारी में 200 रन या इससे ज्यादा की बढ़त लेती है तो वह प्रतिद्वंद्वी को फॉलोऑन खिला सकती है। हालांकि, फॉलोऑन देने या न देने का फैसला बढ़त लेने वाली टीम के कप्तान के ऊपर होता है।