पाटी नगर पंचायत चुनाव में 'इंडियन आइडल' ट्विस्ट: निर्दलीय जीजा के लिए पवनदीप राजन ने झोंकी ताकत; सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, बढ़ी बीजेपी की टेंशन
खटीमा। उत्तराखंड के चंपावत जिले के अंतर्गत नवसृजित पाटी नगर पंचायत के पहले ऐतिहासिक चुनाव का रण अब बेहद हाई-प्रोफाइल और दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। इस चुनावी दंगल में 'इंडियन आइडल' विजेता और देवभूमि के बेहद लोकप्रिय गायक पवनदीप राजन की अचानक हुई एंट्री ने सत्ताधारी दल भाजपा के समीकरणों को हिलाकर रख दिया है। पवनदीप राजन ने अपने जीजा और निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल के पक्ष में पाटी पहुंचकर एक विशाल रोड शो और शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़कों पर उमड़े भारी जनसैलाब ने चुनावी पंडितों को अपने आकलन बदलने पर मजबूर कर दिया है।
नवसृजित नगर पंचायत पाटी के पहले अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। एक तरफ जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी नवीन राम के पक्ष में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री लगातार जनसभाएं कर रहे हैं, वहीं शनिवार को मैदान में उतरे स्टार सिंगर पवनदीप राजन ने पूरी महफिल लूट ली। पवनदीप जैसे ही अपने जीजा नारायण लाल के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पाटी की सड़कों पर उतरे, तो उन्हें देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पवनदीप ने भावुक अपील करते हुए जनता से अपने जीजा के पक्ष में मतदान करने को कहा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पाटी नगर पंचायत में मुख्य मुकाबला अब त्रिकोणीय हो चुका है। यहाँ भाजपा समर्थित नवीन राम, निर्दलीय नारायण लाल और एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी पार्वती देवी के बीच कांटे की टक्कर है। तीनों ही पक्ष अपनी-अपनी जीत के दावे ठोक रहे हैं। लेकिन, ऐन वक्त पर नारायण लाल के पक्ष में पवनदीप राजन के इस शक्ति प्रदर्शन ने निर्दलीय खेमे में नया जोश भर दिया है। पवनदीप की जबरदस्त फैन फॉलोइंग का सीधा असर क्षेत्र के युवा और साइलेंट वोटर्स पर पड़ना तय माना जा रहा है, जिससे भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंधमारी का खतरा बढ़ गया है। पवनदीप राजन की इस धमाकेदार एंट्री के बाद अब पाटी के चौक-चौराहों पर सिर्फ एक ही चर्चा है क्या पवनदीप का स्टारडम उनके जीजा को पाटी नगर पंचायत का पहला अध्यक्ष बनाने में कामयाब रहेगा, या फिर भाजपा का मजबूत सांगठनिक ढांचा और कद्दावर नेताओं की फौज इस स्टारडम को मात दे पाएगी? बहरहाल, उम्मीदवारों की किस्मत का अंतिम फैसला पाटी की जनता के हाथों में है। आगामी 9 जून को मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर अपना फैसला सुरक्षित करेंगे और 11 जून को होने वाली मतगणना के बाद साफ हो जाएगा कि पाटी की पहली सत्ता की चाबी किसके हाथ आती है।