युवा हॉकी फाइव्स एशिया कप के लिए भारतीय टीम घोषित, झारखंड के छह खिलाड़ियों का चयन
रांची। झारखंड के खेल गलियारे से एक बेहद गौरवशाली और बड़ी खबर सामने आई है। मस्कट (ओमान) में आयोजित होने वाली आगामी पहली युवा हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। देश का प्रतिनिधित्व करने वाली इस प्रतिष्ठित भारतीय टीम में झारखंड के कुल छह होनहार खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की कर राज्य का मान बढ़ाया है।
हॉकी इंडिया द्वारा घोषित की गई टीमों में झारखंड का दबदबा साफ देखने को मिल रहा है। यह चैंपियनशिप न केवल महाद्वीपीय खिताब के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ अंडर-18 युवा हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए आधिकारिक 'एशियाई क्वालीफायर' भी है। ऐसे में भारतीय टीम पर विश्व कप का टिकट कटाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। भोपाल में आयोजित कड़े राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद चुनी गई भारतीय सब-जूनियर महिला टीम में झारखंड की पांच महिला खिलाड़ियों ने सिलेक्टर्स को प्रभावित किया। इनमें गोलकीपर खिली कुमारी, डिफेंडर नीलम टोपनो, मिडफील्डर पुष्पा मांझी व श्रुति कुमारी और फॉरवर्ड पंक्ति में संदीपा कुमारी शामिल हैं। वहीं, चंडीगढ़ में लगे शिविर के बाद घोषित हुई सब-जूनियर पुरुष टीम में झारखंड के होनहार डिफेंडर आशीष तानी पूर्ति को भारतीय रक्षापंक्ति को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मस्कट में 20 से 25 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के दोनों वर्गों में एशिया की सात-सात टीमें हिस्सा ले रही हैं। पुरुष वर्ग में भारत के साथ मेजबान ओमान, धुर विरोधी पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, महिला वर्ग में भारतीय बेटियां पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और ईरान जैसी मजबूत टीमों से लोहा लेंगी।
दोनों टीमों के चुनिंदा 'सुल्तान': देखें पूरी स्क्वाड
सब-जूनियर महिला टीम:
गोलकीपर: खिली कुमारी, महक परिहार।
डिफेंडर: नीलम टोपनो, किरण एक्का।
मिडफील्डर: दीया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी।
फॉरवर्ड: नौशीन नाज, संदीपा कुमारी, स्वीटी कुजूर (कप्तान)।
सब-जूनियर पुरुष टीम:
गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक।
डिफेंडर: करण गौतम, आशीष तानी पूर्ति।
मिडफील्डर: राहुल यादव, रोमित पाल।
फॉरवर्ड: केतन कुशवाहा (कप्तान), प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह, शाहरुख अली।
झारखंड के छह खिलाड़ियों के भारतीय टीम में चयन होने पर राज्य के खेल प्रेमियों, हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर की है। उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड के ये युवा सितारे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे और भारतीय टीम को विश्व कप का टिकट दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।