आप में अंदरूनी टकराव तेजः राघव चड्ढा का वीडियो संदेश वायरल! बोले- जनता के मुद्दे उठाना अगर गुनाह है तो बताएं मेरी गलती क्या है?
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने और संसद में बोलने से रोके जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने आज शुक्रवार सुबह एक वीडियो संदेश जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए इस वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें खामोश जरूर किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं। चड्ढा ने पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब-जब उन्हें संसद में बोलने का मौका मिला, उन्होंने हमेशा आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कुछ गलत किया है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर उन्हें बोलने से रोकने की बात कही। इस पर सवाल उठाते हुए चड्ढा ने कहा कि वे हमेशा जनता से जुड़े मुद्दे, जैसे महंगे एयरपोर्ट खाने, डिलीवरी राइडर्स की समस्याएं, टोल और बैंक चार्जेस आदि उठाते रहे हैं। अपने संदेश को ‘Silenced, Not Defeated' शीर्षक देते हुए उन्होंने इसे सीधे आम आदमी को संबोधित किया। हालांकि वीडियो में उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया। इससे पहले गुरुवार शाम भी चड्ढा ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने संसद में उठाए गए विभिन्न मुद्दों ‘पैटरनिटी लीव, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ, मोबाइल डेटा लिमिट, न्यूनतम बैंक बैलेंस, फ्लाइट बैगेज चार्ज, पेपर लीक और वायु प्रदूषण’ को दिखाया था। इधर चड्ढा के बयान के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पार्टी नेता अनुराग ढांडां ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि हम अरविन्द केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता हमारी पहचान है। उन्होंने चड्ढा पर आरोप लगाया कि वे पिछले कुछ समय से देश के असली मुद्दों पर बोलने से डर रहे हैं।