अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: राज्यपाल ने उत्कृष्ट सेवा के लिए महिलाओं को किया सम्मानित
देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राजभवन स्थित लोक भवन में ‘महिला कल्याण उत्कृष्ट सेवा सम्मान’ एवं ‘मेरी पहचान-2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं, अधिकारियों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने पिछले एक दशक में हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में देवभूमि की मातृशक्ति का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। राज्यपाल ने महिलाओं के जुझारूपन और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें समाज का असली आधार स्तंभ बताया।
वही कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सरकार की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में लागू ‘वात्सल्य योजना’ संकटग्रस्त बच्चों के लिए संबल बनी है। साथ ही, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और अनाथ बच्चों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम साबित हुए हैं। समारोह के दौरान महिला कल्याण और बाल विकास विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट सेवा देने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को उनके विशेष योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा गया। ‘मेरी पहचान’ कार्यक्रम के जरिए उन महिलाओं की कहानियों को भी रेखांकित किया गया जिन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया है। इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई सशक्त महिलाएं उपस्थित रहीं।