28 मार्च से शुरू होगा आईपीएल 2026 का रोमांच, बेंगलुरु में आरसीबी और हैदराबाद के बीच उद्घाटन मुकाबला
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 19वें सीजन के पहले चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को शुरुआती मुकाबलों का शेड्यूल घोषित करते हुए बताया कि टूर्नामेंट का आगाज 28 मार्च से होगा। पहले चरण के मुकाबले 12 अप्रैल तक खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से होगा। पिछले सीजन में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था, ऐसे में इस बार टीम खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। उद्घाटन मैच के अगले ही दिन 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा।
आईपीएल 2026 के पहले चरण में कुल 20 मैच खेले जाएंगे, जो देश के 10 अलग-अलग शहरों में आयोजित होंगे। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं। इस चरण के दौरान चार डबल-हेडर मुकाबले भी होंगे, यानी एक ही दिन में दो मैच खेले जाएंगे। ऐसे मैचों में पहला मुकाबला दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने पांच घरेलू मैच बेंगलुरु में और दो मैच रायपुर में खेलेगी। वहीं पंजाब किंग्स के चार घरेलू मुकाबले न्यू चंडीगढ़ और तीन मैच धर्मशाला में होंगे। राजस्थान रॉयल्स अपने तीन घरेलू मैच गुवाहाटी और चार मुकाबले जयपुर में खेलेगी। बीसीसीआई ने फिलहाल पूरे सीजन का कार्यक्रम जारी नहीं किया है। बताया जा रहा है कि देश के कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, जिसके चलते फिलहाल सिर्फ पहले चरण का शेड्यूल घोषित किया गया है। जिन राज्यों में चुनाव होने हैं उनमें असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु शामिल हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान कोलकाता और चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान चेन्नई इन चुनावी राज्यों में आते हैं, जबकि गुवाहाटी राजस्थान रॉयल्स का दूसरा होम वेन्यू है। चुनाव की तारीखें घोषित होने के बाद आईपीएल के बाकी मुकाबलों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा। हालांकि बेंगलुरु में होने वाले मैचों को लेकर अंतिम फैसला अभी बाकी है। कर्नाटक सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति 13 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण करेगी। इस दौरान मैच डे की तैयारियों का मॉक डेमो भी किया जाएगा। इसके बाद ही तय होगा कि स्टेडियम आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है या नहीं। आईपीएल 2026 के कार्यक्रम के ऐलान के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है और एक बार फिर टी20 क्रिकेट का रोमांच देशभर के मैदानों में देखने को मिलेगा।