मूसलाधार बारिश में गूंजा ‘जय हिंद’: 4 डीएसपी और 334 आरक्षी बने झारखंड पुलिस का नया दम, सीएम हेमंत सोरेन ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
रांची। झारखंड पुलिस को गुरुवार को नई ऊर्जा और नई ताकत मिली, जब राजधानी रांची के जैप-1 ग्राउंड में चार डीएसपी और 334 नवनियुक्त आरक्षियों की भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। मूसलाधार बारिश के बीच आयोजित इस समारोह ने अनुशासन, समर्पण और देशसेवा के जज्बे की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में सभी प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से जनता की सेवा करने की शपथ ली।
बारिश लगातार होती रही, लेकिन न तो मैदान में कदमताल कर रहे जवानों का उत्साह कम हुआ और न ही मुख्यमंत्री का हौसला। तेज बारिश के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परेड का निरीक्षण किया और नवप्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की सलामी ली। एक समान वर्दी में सजे जवानों की अनुशासित चाल और जोश से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लंबे प्रशिक्षण काल के बाद यह पासिंग आउट परेड केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त पुलिसकर्मियों द्वारा ली गई शपथ केवल शब्द नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि कुल 334 आरक्षियों में 81 महिला आरक्षियां शामिल हैं, जो लगभग 25 प्रतिशत हैं। उन्होंने कहा कि यह झारखंड पुलिस में बढ़ती महिला भागीदारी का प्रमाण है और ये महिलाएं अपने पुरुष सहयोगियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करेंगी। उन्होंने नव नियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राज्य के प्रहरी हैं। जनता की सुरक्षा, कानून का सम्मान और समाज में शांति बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके कार्यों में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। जानकारी के अनुसार, चार डीएसपी और 336 आरक्षियों ने 12 महीने का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। इनमें 255 पुरुष प्रशिक्षु आरक्षी और 81 महिला प्रशिक्षु आरक्षी शामिल हैं। पासिंग आउट परेड में उन अभ्यर्थियों ने भी हिस्सा लिया जिन्हें अनुकंपा के आधार पर पुलिस सेवा में नियुक्ति मिली है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद पूरे समारोह का सफल आयोजन किया गया। बारिश में भी जवानों का अनुशासन और उत्साह यह संदेश दे गया कि झारखंड पुलिस हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित है। इस भव्य पासिंग आउट परेड के साथ झारखंड पुलिस को नए अधिकारी और जवान मिल गए हैं, जो आने वाले समय में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। बारिश के बीच गूंजती कदमताल और ‘जय हिंद’ के नारों ने समारोह को यादगार बना दिया।