उत्तराखंड पुलिस और उड़ीसा पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन: कटक जेल से फरार 1 लाख का इनामी डकैत ऋषिकेश में गिरफ्तार
देहरादून। उड़ीसा की कटक जिला जेल से फिल्मी अंदाज में दीवार फांदकर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश राजा साहनी को आखिरकार कानून के लंबे हाथों ने दबोच लिया है। देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक सटीक सर्विलांस ऑपरेशन के बाद आरोपी को ढालवाला रोड पर सुमन पार्क के समीप से गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले कई महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था और उसकी तलाश में उड़ीसा पुलिस देश के विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही थी।
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी राजा साहनी (34), निवासी बेगूसराय (बिहार), मूल रूप से डकैती और दो हत्याओं के संगीन मामलों में कटक जेल में बंद था। 2 अक्तूबर 2025 को जब जेल प्रशासन और कैदी दशहरे का पर्व मना रहे थे, उसी दौरान राजा साहनी और उसके एक साथी ने अपनी कोठरी की लोहे की छड़ें काट दी थीं। आरोपियों ने कंबल को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर जेल की ऊंची दीवार लांघी और फरार हो गए थे। इस दुस्साहसिक घटना के बाद उड़ीसा पुलिस ने राजा साहनी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उड़ीसा पुलिस ने ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि इनामी बदमाश की लोकेशन त्रिवेणी घाट क्षेत्र में मिल रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट के नेतृत्व में छह पुलिसकर्मियों और उड़ीसा पुलिस की टीम ने जाल बिछाया। पुलिस की टीम लगातार डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से आरोपी का पीछा करती रही। दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस ने ढालवाला रोड पर एक संदिग्ध कार को घेराबंदी कर रोक लिया। कार रुकते ही पुलिस ने तलाशी ली, जिसमें एक महिला सहित चार लोग सवार थे। पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान उड़ीसा पुलिस ने एक लाख के इनामी राजा साहनी के रूप में की। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। कार में सवार अन्य तीन लोगों के बारे में भी गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है कि वे आरोपी की फरारी में मदद कर रहे थे या नहीं। राजा साहनी का आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है। उसे उड़ीसा के पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप में डकैती के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पकड़ा गया था। उस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। तब स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए राजा और उसके साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस की ट्रांजिट रिमांड पर सुपुर्द कर दिया जाएगा।