कंझावला केसः निधि को लेकर हुआ बड़ा खुलासा! ड्रग तस्करी में दो साल पहले जा चुकी है जेल, तेलंगाना से दिल्ली सप्लाई करती थी
नई दिल्ली। कंझावला केस में लगातार बड़े-बड़े खुलासे हो रहे हैं। आज मृतक अंजलि की दोस्त निधि को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। खबरों की मानें तो निधि दो साल पहले आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्रग तस्करी करते हुए पकड़ी गई थी। पुलिस ने उसके पास से 10 किलो गांजा जब्त किया था। जीआरपी ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। हालांकि 18 जनवरी, 2021 को उसे जमानत मिल गई थी।
दिल्ली में 31 दिसंबर की रात अंजलि सिंह के साथ जब हादसा हुआ, तो उसके साथ स्कूटी पर निधि भी सवार थी। हादसे के बाद वह मौके से भाग गई थी। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया था। पुलिस ने निधि को शुक्रवार यानी कल पूछताछ के लिए बुलाया था। इस दौरान उसके ड्रग कनेक्शन की बात सामने आई थी। आगरा के SP GRP मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि 6 दिसंबर, 2020 को आगरा कैंट GRP ने चेकिंग के दौरान तेलंगाना एक्सप्रेस से तीन गांजा तस्कर पकडे़ थे। ये तीनों सिकंदराबाद से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे थे। तीनों आगरा में ट्रेन से उतर कर बस से दिल्ली ले जाने वाले थे।
पकडे़ गए आरोपियों में निधि, दिल्ली निवासी रवि और भाग्य विहार निवासी समीर था। उसे दिल्ली में दीपक नाम के व्यक्ति को डिलीवरी देनी थी। SP ने बताया कि उस समय तीनों के पास 10-10 किलो गांजा बरामद हुआ था। आगरा कैंट पर पकड़ी गई युवती का नाम और पिता का नाम दिल्ली में मृतका अंजलि की सहेली निधि से मिल रहा है। हालांकि यह दिल्ली पुलिस ही कंफर्म करेगी कि ये वो ही निधि है या नहीं। पुलिस ने इस केस में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 1 जनवरी को मनोज मित्तल, अमित खन्ना, कृष्ण, मिथुन और दीपक खन्ना को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने इन्हें पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस ने 5 जनवरी को बताया कि इस केस में दो और लोग शामिल हैं। इनका नाम अंकुश खन्ना और आशुतोष हैं। आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया गया। सातवां आरोपी अंकुश खन्ना अभी फरार है।