काशीपुर गोलीकाण्डः गुरजीत का अंतिम संस्कार, सैकड़ों नम आंखों ने दी विदाई! मासूमों से छिना मां का आंचल, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू
रुद्रपुर। काशीपुर के कुंडा में बुधवार को खनन माफिया की तलाश में दबिश देने आई यूपी पुलिस की फायरिंग में गुरजीत कौर की मौत हो गयी। आज करवाचौथ पर जहां देशभर में महिलाएं अपने पति की दीघार्यु की दुआ कर रहे हैं वहीं काशीपुर में कुंडा के ग्राम भरतपुर में मातम पसरा हुआ है। आज दोपहर को गुरजीत का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नम आंखों से गुरजीत को अंतिम विदाई देने पहुंचे। गुरजीत की मौत के बाद दो मासूमों से मांग का आंचल छिन गया है और परिवार के लोगों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरजीत की मौत से परिजन बिखर गए हैं। उसकी पांच साल की एक बेटी है और चार माह पूर्व ही उसने एक बेटे को जन्म दिया था। कुंडा थाना पुलिस को दी तहरीर में भरतपुर निवासी गुरजीत के पति गुरताज ने कहा है कि 12 अक्तूबर की शाम करीब साढ़े छह बजे उनके घर दो गाड़ियों से 10-12 लोग पहुंचे। उनमें से कई व्यक्तियों के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। आते ही गालियां देते हुए बोले कि वे ठाकुरद्वारा पुलिस के लोग हैं। उन्हें एक आदमी की तलाश है। इस पर उसने कहा कि अगर आप लोग पुलिस कर्मी हो तो हमारे कुंडा थाने की पुलिस को बुला लो और तलाशी ले लो। गुरताज का कहना है कि ज्येष्ठ उपप्रमुख के रूप में परिचय देने पर वह उनके साथ गालीगलौज करते हुए दुमंजिलों के कमरों में घुस गए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उनकी पत्नी गुरजीत कौर को सीने में गोली लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन व आस-पास के लोग वहां आ गए। लोगों ने उनमें से चार व्यक्तियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।