देवदूत बनी खाकीः गहरी खाई में गिरे नेपाली यात्री को रुद्रप्रयाग पुलिस ने बचाया
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस सिर्फ सुरक्षा ही नहीं बल्कि मानवता और साहस की मिसाल भी पेश कर रही है। गौरीकुण्ड क्षेत्र में गहरी खाई में गिरे एक नेपाली मूल के यात्री का पुलिस टीम ने जान जोखिम में डालकर सफल रेस्क्यू किया और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। घटना गौरीकुण्ड शटल पार्किंग से आगे यात्रा मार्ग की है, जहां एक व्यक्ति अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही गौरीकुण्ड चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर देखा गया कि घायल व्यक्ति मुख्य मार्ग से काफी नीचे नदी किनारे खतरनाक खाई में फंसा हुआ था। विपरीत परिस्थितियों और जानलेवा रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस जवान अपनी जान की परवाह किए बिना खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल की पहचान मन बहादुर पुत्र नरी बहादुर निवासी कालिकोट नेपाल के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम ने घायल को उपचार के लिए सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। इस साहसिक रेस्क्यू अभियान को देखकर यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं ने रुद्रप्रयाग पुलिस की जमकर सराहना की। लोगों ने पुलिस जवानों की तत्परता, बहादुरी और मानवीय सेवा भावना को प्रेरणादायक बताया।