खटीमा को मिली ₹89 लाख की सौगात: सीएम धामी ने किया 'दीदी की लाइब्रेरी' और आधुनिक व्यायामशाला का लोकार्पण
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के भ्रमण के दौरान क्षेत्र के युवाओं, छात्र-छात्राओं और आम जनता को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। विकासखंड कार्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं को नई दिशा देने वाली लगभग 89 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और एक नशामुक्त, स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
लोकार्पण परियोजनाओं में सबसे प्रमुख आकर्षण 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी” रही। इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए सीएम धामी ने कहा कि शिक्षा किसी भी प्रगतिशील समाज का सबसे मजबूत आधार होती है। ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण बेहतर पढ़ाई से वंचित रह जाते थे, लेकिन अब यह लाइब्रेरी उनके लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं होगी। यह हाईटेक पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का एक बड़ा केंद्र बनेगा, जहाँ उन्हें शांत और पढ़ाई के अनुकूल माहौल मिलेगा। खास बात यह है कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस आधुनिक लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आजीविका और आय में भी वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं को फिटनेस और खेलकूद के प्रति जागरूक करने के लिए 7.50 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत व आधुनिकीकृत की गई व्यायामशाला भवन (जिम) का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया मूवमेंट' को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार उत्तराखंड के युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित कर रही है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला स्थानीय युवाओं की शारीरिक दक्षता और सकारात्मक जीवनशैली को मजबूत करेगी। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने 26.50 लाख रुपये की लागत से अपग्रेड किए गए विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री धामी ने भावुक होते हुए कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ उनके दिल के बेहद करीब है। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी ढांचे पर समान रूप से काम कर रही है ताकि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। उन्होंने भरोसा जताया कि आज लोकार्पित की गई ये सभी सुविधाएं क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ने और उनके सपनों को साकार करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेंगी।