कोडरमा का बढ़ा मान: 15वें शॉर्ट्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म निर्माता डॉ. वीरेंद्र कुमार और विपिन जाते सम्मानित
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के लिए एक गौरवान्वित करने वाली खबर सामने आई है। कोलकाता में आयोजित प्रतिष्ठित '15वें शॉर्ट्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' में कोडरमा के प्रसिद्ध चिकित्सक, फिल्म निर्माता व निर्देशक डॉ. वीरेंद्र कुमार और सह-निर्माता विपिन जाते को दो अलग-अलग श्रेणियों में महत्वपूर्ण सम्मान से नवाजा गया है। इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 'राजवीर आर्ट्स प्रोडक्शन हाउस' के बैनर तले बनी शॉर्ट फिल्म 'लूटन सिंह बनेंगे प्रधानमंत्री' को ज्यूरी मेंशन अवार्ड तथा म्यूजिक वीडियो 'तुमसे प्यार हो गया' को बेस्ट म्यूजिक वीडियो ज्यूरी अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि लगातार मिल रहे पुरस्कारों और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिल रही पहचान से उनकी और उनकी टीम की सामाजिक जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। उनकी टीम हमेशा से सामाजिक सरोकारों और जन-जागरूकता से जुड़े विषयों को पर्दे पर उतारती रही है। महज 15 मिनट की यह शॉर्ट फिल्म वर्तमान राजनीतिक परिवेश पर एक करारा व्यंग्य करती है। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को अपने जनप्रतिनिधियों के चुनाव के प्रति जागरूक करना है। यह म्यूजिक वीडियो आज के युवाओं में पढ़ाई और नौकरी के दौरान बनने वाले रिश्तों की व्यावहारिक और भावनात्मक सच्चाई को खूबसूरती से दर्शाता है। फिल्म के सह-निर्माता विपिन जाते ने बताया कि उनकी कृतियों में सामाजिक आवश्यकताओं, दर्शकों की पसंद और तकनीकी गुणवत्ता का विशेष संतुलन रखा जाता है। यही कारण है कि उनकी प्रस्तुतियों को विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराहा जा रहा है। कोडरमा के निवासियों और कला प्रेमियों ने दोनों कलाकारों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।