• Home
  • News
  • Kuldeep Yadav and Vanshika's Haldi and Mehndi ceremonies concluded; the bride and groom danced enthusiastically to the beats of drums in Mussoorie.

कुलदीप यादव–वंशिका की हल्दी-मेहंदी की रस्में पूरी, मसूरी में ढोल-नगाड़ों पर जमकर थिरके दूल्हा-दुल्हन

editor
  • Tapas Vishwas
  • March 13, 2026 01:03 PM
Kuldeep Yadav and Vanshika's Haldi and Mehndi ceremonies concluded; the bride and groom danced enthusiastically to the beats of drums in Mussoorie.

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी से पहले होने वाली हल्दी और मेहंदी की रस्में धूमधाम से पूरी हो गईं। समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मेहमान शामिल हुए और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच शादी की खुशियों का जश्न मनाया। शनिवार को कुलदीप यादव अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे। शुक्रवार को मसूरी स्थित वेलकमहोटल द सवॉय में आयोजित हल्दी और मेहंदी समारोह बेहद रंगारंग माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर होटल परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और पारंपरिक सजावट से पूरा वातावरण उत्सवमय दिखाई दे रहा था। हल्दी और मेहंदी की रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुईं। समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर दूल्हा-दुल्हन समेत मेहमानों ने जमकर नृत्य किया। कुलदीप यादव और वंशिका भी रस्मों के लिए जाते समय ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए। इस दौरान परिवार के लोगों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और दोनों को शादी की शुभकामनाएं दीं।

मेहंदी समारोह में कुलदीप यादव लाइट गुलाबी रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि वंशिका पारंपरिक परिधान में लाइट और गहरे गुलाबी रंग की साड़ी पहनकर बेहद आकर्षक दिखाई दीं। वहीं हल्दी की रस्म के दौरान कुलदीप यादव पीले रंग के कुर्ता-पायजामा में दिखे, जबकि वंशिका ने पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी। कार्यक्रम के दौरान संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया। मेहमानों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर खूब ठुमके लगाए और शादी के जश्न का आनंद लिया। दोनों परिवारों के सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और समारोह को यादगार बनाया। कुलदीप यादव की शादी को लेकर मसूरी शहर में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। होटल और आसपास के इलाकों में तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। शहर में क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भी इस शादी को लेकर चर्चा बनी हुई है। शादी से पहले शुक्रवार रात को संगीत और कॉकटेल कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें परिवार और करीबी मेहमान शामिल होंगे। इसके बाद शनिवार को पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कुलदीप यादव और वंशिका सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगे। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच हो रही इस हाई-प्रोफाइल शादी ने मसूरी की रौनक को और बढ़ा दिया है। क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी को लेकर परिवार के साथ-साथ शहर के लोगों में भी उत्साह का माहौल बना हुआ है।


संबंधित आलेख: