रुद्रप्रयाग में फिर भूस्खलन का कहर! तिमली-बड़मा मोटर मार्ग पर गिरी पहाड़ी, यातायात पूरी तरह बाधित
रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला तिमली-बड़मा मोटर मार्ग का है, जहां अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। मलबा और बोल्डर आने से मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लगातार बारिश के कारण तिमली-बड़मा मोटर मार्ग पर अचानक पहाड़ी दरक गई और भारी मात्रा में मलबा व बोल्डर सड़क पर आ गिरे। देखते ही देखते सड़क बंद हो गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। लगातार हो रही बारिश के चलते जनपद के कई अन्य मोटर मार्गों पर भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। फिलहाल मार्ग को खोलने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील कर रहा है।