• Home
  • News
  • Late-night carnage caused by reckless, high-speed driving: Intoxicated driver mows down 6 people; car reduced to a mangled wreck; 5 people, including the driver, critically injured.

देर रात खूनी रफ्तार का तांडव: नशेड़ी चालक ने 6 लोगों को रौंदा, कार के उड़े परखच्चे, चालक समेत 5 गंभीर

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 29, 2026 01:06 PM
Late-night carnage caused by reckless, high-speed driving: Intoxicated driver mows down 6 people; car reduced to a mangled wreck; 5 people, including the driver, critically injured.

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले से देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे मौजूद छह से अधिक लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर इलाज के लिए मिशन अस्पताल और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल चार लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक अत्यधिक नशे की हालत में था और वाहन की गति बेहद तेज थी। बाजार क्षेत्र में स्टीयरिंग से नियंत्रण खोने के बाद कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। कई लोगों को जोरदार टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और अंत में सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल तथा चापाकल (हैंडपंप) से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और इस प्रक्रिया में आरोपी कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज भी पुलिस कस्टडी में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बात कर घायलों के त्वरित और बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई तथा पीड़ितों के परिजनों को ढाढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि यह मासूम लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। दूसरी ओर, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी मुकेश कुमार रजक ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है। घायलों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है और अस्पताल से रिपोर्ट आते ही चालक के खिलाफ शराब पीकर गाड़ी चलाने और लापरवाही से जान जोखिम में डालने की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में देर रात होने वाली रैश ड्राइविंग को लेकर भारी आक्रोश है।


 


संबंधित आलेख: