शराब घोटालाः आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा तक पहुंची जांच की आंच! ईडी की सप्लीमेंट्री चार्जशीट में खुलासा, पढ़ें क्या है जाली लेनदेने की साजिश?
नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला मामले में एजेंसियों की जांच जारी है। इस बीच मामले में जांच की आंच अब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा तक पहुंच गयी है। खबरों की मानें तो ईडी की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में राघव चड्ढा का नाम है। ईडी की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में कहा गया कि जाली लेनदेन की साजिश रची गई। मनीष सिसोदिया के पूर्व सचिव सी अरविंद ने जांच एजेंसी को बताया था कि मनीष सिसोदिया के घर पर हुई बैठक में राघव चड्ढा मौजूद थे। सी अरविंद के बयान के अनुसार बैठक में पंजाब के आबकारी आयुक्त वरुण रूजम, मामले के आरोपी विजय नायर और पंजाब आबकारी निदेशालय के अन्य अधिकारी भी शामिल थे। दिल्ली शराब घोटाला मामले में पहले से ही दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम सामने आ चुका है। मनीष सिसोदिया जिस शराब घोटाले में बंद हैं, वो दिल्ली की नई शराब पॉलिसी से संबंधित है। दिल्ली सरकार ने 17 नंवबर, 2021 को नई शराब नीति लागू की थी, लेकिन उसके बाद सरकार ने अपनी इस पॉलिसी को वापस ले लिया था। केजरीवाल सरकार की नई शराब नीति लागू होने के बाद सरकार ने राजस्व में इजाफा और माफियाराज को खत्म करने की बात कही थी, लेकिन यह इसके ठीक उल्टा हुआ। दिल्ली सरकार को राजस्व का नुकसान हुआ। दिल्ली के तत्कालीन मुख्य सचिव ने जुलाई 2022 में दिल्ली के तत्कालीन मुख्य सचिव ने एलजी वीके सक्सेना को रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें मनीष सिसोदिया पर शराब कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया था।