लोहाघाटः आवासीय भवन पर गिरा विशालकाय पेड़! आधी रात को मची अफरा-तफरी, दहशत में आए लोग
चंपावत। लोहाघाट के हिटलर मार्केट क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पॉपुलर का एक विशालकाय पेड़ तेज आवाज के साथ अचानक एक आवासीय भवन पर जा गिरा। पेड़ गिरने की जोरदार आवाज सुनकर भवन में रह रहे लोग घबराकर बाहर निकल आए। घटना के समय आसपास लोगों की मौजूदगी होने के बावजूद गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि पेड़ की चपेट में आने से मकान और आसपास स्थित मीट की दुकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात हिटलर मार्केट में पॉपुलर का विशाल पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ का एक बड़ा हिस्सा आवासीय भवन की छत पर जा गिरा। अचानक हुई इस घटना से भवन में रह रहे दो परिवारों में हड़कंप मच गया। भवन में रहने वाली प्रीति और अन्य लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने बाहर निकलकर देखा तो विशाल पेड़ मकान पर गिरा हुआ था। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक पेड़ गिरने से मकान की छत और आसपास की मीट की दुकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि पेड़ के गिरने के दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। घटना की सूचना सोमवार सुबह लोहाघाट फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड प्रभारी हंसदास सागर के निर्देश पर टीम हिटलर मार्केट पहुंची। टीम ने मकान की छत पर गिरे पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू किया। फायर टीम ने मौके पर पेड़ के जितने हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाना संभव था, उसे काटकर अलग किया। हालांकि पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी भवन पर टिका हुआ है, जिससे मकान को खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हिटलर मार्केट में पॉपुलर का एक और विशालकाय पेड़ लंबे समय से खतरे का कारण बना हुआ है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस पेड़ का निस्तारण नहीं किया गया तो यह भी कभी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बाजार क्षेत्र में लगातार लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में खतरा बने पेड़ को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। मामले का जिलाधिकारी ने भी संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पेड़ के निस्तारण के निर्देश दिए हैं।