• Home
  • News
  • Major accident in Gadarpur: Driver dozes off in the rain! Bus from Haridwar to Nepal overturns, causing panic among 65 passengers.

गदरपुर में बड़ा हादसाः बारिश में चालक को आई झपकी! हरिद्वार से नेपाल जा रही बस पलटी, 65 यात्रियों में मची अफरा-तफरी

editor
  • Awaaz Desk
  • April 08, 2026 06:04 AM
Major accident in Gadarpur: Driver dozes off in the rain! Bus from Haridwar to Nepal overturns, causing panic among 65 passengers.

रुद्रपुर/गदरपुर। उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से नेपाल जा रही भारत-नेपाल मैत्री सेवा की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। यह दुर्घटना गोपाल नगर तिराहे के पास हुई। बस में चालक दल के तीन सदस्यों सहित कुल 65 यात्री सवार थे। इनमें अधिकांश यात्री नेपाल के डांग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। बस हरिद्वार से नेपाल की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे वह बस पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही 112 सेवा और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में एक माह की मासूम बच्ची नव्या समेत कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 6 को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार घायलों में 40 वर्षीय जया भूटा, निवासी काठमांडू और 36 वर्षीय धनश्री नेपाल की हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रुद्रपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद बस में सवार बाकी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। यात्रियों के मुताबिक बस संचालक कंपनी को घटना की सूचना दे दी गई है और बाकी यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। फिलहाल बस सड़क किनारे पड़ी है, लेकिन यातायात पूरी तरह सामान्य बना हुआ है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।


संबंधित आलेख: