ऋषिकेश में बड़ा हादसा: राजस्थान से परिजनों संग घूमने आया 20 वर्षीय युवक गंगा में डूबा,तपोवन के साईं घाट पर हुआ हादसा
ऋषिकेश। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन और तीर्थ स्थल ऋषिकेश में एक बार फिर गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। अपने परिवार के साथ राजस्थान से तपोवन क्षेत्र में घूमने आया एक 20 वर्षीय युवक गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। इस दुखद घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंचकर नदी में लापता युवक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि थाना मुनि की रेती क्षेत्रांतर्गत स्थित प्रसिद्ध साईं घाट पर यह हादसा हुआ। राजस्थान से आया यह परिवार तपोवन में घूम रहा था, इसी दौरान युवक गंगा नदी में स्नान करने के लिए उतरा। नहाते समय अचानक पैर फिसलने या गहरे पानी के तेज बहाव में आने के कारण युवक लहरों के बीच अनियंत्रित होकर डूबने लगा। किनारे खड़े परिजनों के शोर मचाने से पहले ही वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। घाट पर मौजूद लोगों द्वारा पुलिस और प्रशासन को तुरंत मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ढालवाला से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम बिना वक्त गंवाए आधुनिक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। लापता युवक की तलाश के लिए नदी में एक सघन सर्च अभियान शुरू किया गया है। एसडीआरएफ के विशेष रूप से प्रशिक्षित डीप डाइवर्स (गहरे पानी के गोताखोर) और कुशल रेस्क्यू कर्मी ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से नदी की गहराई और संभावित स्थानों पर बेहद गहनता से खोजबीन कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, गंगा नदी में डूबने वाले युवक की पहचान श्याम (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सवाई जागीर का पुत्र था और चंद कॉलोनी, दीनाला नाडा, जिला जोधपुर, राजस्थान का मूल निवासी था।