• Home
  • News
  • Major Accident on Badrinath Highway: Pilgrim Bus Overturns After Losing Control Near Shivpuri; Chaos and Screams Ensue

बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: शिवपुरी के पास अनियंत्रित होकर पलटी तीर्थयात्रियों की बस, मची चीख-पुकार

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 10, 2026 01:05 PM
Major Accident on Badrinath Highway: Pilgrim Bus Overturns After Losing Control Near Shivpuri; Chaos and Screams Ensue

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए रविवार की शाम खौफनाक साबित हुई। बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर शिवपुरी के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के वक्त बस में ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 27 लोग सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस संख्या (UK14PA0605) बदरीनाथ धाम के दर्शन कर तीर्थयात्रियों को लेकर हरिद्वार की ओर जा रही थी। मुनिकीरेती थाना अंतर्गत शिवपुरी क्षेत्र में कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास अचानक चालक की साइड वाली खिड़की खुल गई। चलती बस में ड्राइवर ने जैसे ही हाथ बढ़ाकर खिड़की बंद करने की कोशिश की, स्टेयरिंग से नियंत्रण खो गया और बस बीच सड़क पर ही पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार सात तीर्थयात्री घायल हो गए हैं, जबकि अन्य को मामूली खरोंचें आई हैं। घायलों में सोनम गुप्ता (28), मुन्नी देवी (56), चंद्र प्रकाश गुप्ता (62), संजय चौरसिया (59), सीता देवी (38), कुमारी शबनम (32) और मनीष गिरी (44) शामिल हैं। ये सभी घायल उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। अन्य सुरक्षित यात्रियों को पुलिस ने दूसरी बस का प्रबंध कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। हादसे के बाद बदरीनाथ हाईवे पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क के किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर चलते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी तकनीकी खराबी या खुले हिस्से को वाहन रोककर ही ठीक करें।


संबंधित आलेख: