बड़ी उपलब्धिः अल्मोड़ा पुलिस में तैनात RI रमेश चंद्र गैरोला को प्रधानमंत्री मोदी के हाथों मिला ‘राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक’
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस में तैनात रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) रमेश चंद्र गैरोला को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक’ से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) में नौ वर्षों तक दी गई उत्कृष्ट, समर्पित और अनुकरणीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है। नई दिल्ली स्थित एसपीजी कॉम्प्लेक्स में 28 मई को आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। रमेश चंद्र गैरोला की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है, बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस परिवार के लिए भी गर्व का विषय बन गई है। विशेष बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मान प्राप्त करने का यह उनका दूसरा अवसर है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी उन्हें एसपीजी में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए ‘बेस्ट टेक्निकल ऑफिसर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होकर उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है और यह साबित किया है कि लगन, अनुशासन और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान बनाई जा सकती है। रमेश चंद्र गैरोला लंबे समय से अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता के लिए जाने जाते हैं। एसपीजी जैसी देश की सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसी में कार्य करना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में नौ वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देकर राष्ट्रपति उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करना उनकी असाधारण कार्यशैली और समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। इस दौरान एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने रमेश चंद्र गैरोला को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल एक अधिकारी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक क्षण है।