• Home
  • News
  • Major action in the Jantar Mantar assault case! Delhi Police nabbed Swatantra Bhardwaj from Bulandshahr.

जंतर-मंतर मारपीट केस में बड़ा एक्शन! स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से दबोचा

editor
  • Awaaz Desk
  • September 04, 2026 01:09 PM
Major action in the Jantar Mantar assault case! Delhi Police nabbed Swatantra Bhardwaj from Bulandshahr.

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस समय तेज हुई, जब सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज द्वारा संजय कुमार पर हमला करने की बात स्वीकार किए जाने का दावा सामने आया। मामले में पुलिस पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुकी थी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे थे। मामला 23 जून 2026 का है। उस दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा था। शिकायतकर्ता संजय कुमार भी अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। आरोप है कि शाम करीब 5:30 बजे, जब संजय कुमार अपने मोबाइल फोन से प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तभी एक युवक के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। शिकायत के मुताबिक, संजय कुमार को कथित तौर पर 2-3 युवकों ने घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ घूंसे से मारपीट की गई और सिर पर लोहे के कड़े जैसी किसी ठोस वस्तु से भी वार किया गया। हमले में संजय कुमार के सिर पर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में उनके सिर पर दो कटे हुए घाव दर्ज किए गए। इसके बाद संजय कुमार की शिकायत के आधार पर दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने FIR संख्या 62/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया। घटना के संबंध में पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार को नामजद किया था।

वायरल पॉडकास्ट क्लिप से फिर गरमाया मामला
मारपीट का मामला कई सप्ताह बाद उस वक्त एक बार फिर चर्चा में आ गया, जब सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की क्लिप वायरल हुई। इस क्लिप को लेकर दावा किया गया कि इसमें स्वतंत्र भारद्वाज ने संजय कुमार के सिर पर वार करने की बात कथित तौर पर स्वीकार की थी। वायरल क्लिप में स्वतंत्र ने यह भी दावा किया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई नहीं हुई और वह आसानी से बच निकला। क्लिप सामने आने के बाद पीड़ित परिवार की ओर से एक बार फिर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई। मामले में संजय कुमार की बेटी निशु आजाद की ओर से भी वायरल वीडियो का हवाला देते हुए न्याय की मांग की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि घटना के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने मामले में पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। इसके बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने निशु आजाद को मामले में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। इसके बाद कांग्रेस की लीगल टीम पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंची और पुलिस के सामने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग रखी।

बुलंदशहर से हिरासत में लिया गया स्वतंत्र
अब दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। पुलिस वायरल पॉडकास्ट क्लिप, शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है। जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि वायरल क्लिप में किए गए दावों की वास्तविकता क्या है और जंतर-मंतर पर हुई मारपीट में आरोपी की भूमिका कितनी थी। फिलहाल स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिए जाने के बाद इस मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। 23 जून की घटना से लेकर वायरल पॉडकास्ट और अब बुलंदशहर से हुई हिरासत तक, जंतर-मंतर मारपीट प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में है।


संबंधित आलेख: