• Home
  • News
  • Major crackdown by Ranchi Police: 'Brown sugar' trade was rampant in Tamar; two peddlers arrested, and ₹1.70 lakh in cash along with weighing machines seized.

रांची पुलिस का बड़ा एक्शन: तमाड़ में कड़ाही की तरह उबल रहा था 'ब्राउन शुगर' का धंधा,दो पैडलर्स गिरफ्तार,₹1.70 लाख कैश और तौल मशीनें बरामद

editor
  • Tapas Vishwas
  • July 10, 2026 12:07 PM
Major crackdown by Ranchi Police: 'Brown sugar' trade was rampant in Tamar; two peddlers arrested, and ₹1.70 lakh in cash along with weighing machines seized.

रांची। झारखंड की राजधानी रांची और उसके ग्रामीण इलाकों को नशे के जाल से मुक्त कराने के लिए रांची पुलिस ने एक बार फिर बड़ा और सफल प्रहार किया है। पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में चल रहे एक हाई-प्रोफाइल 'ब्राउन शुगर' (नशीले पदार्थ) के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस विशेष छापेमारी में पुलिस ने मौके से दो मुख्य ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, भारी-भरकम नगदी और डिजिटल मशीनें बरामद हुई हैं। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी कामयाबी का खुलासा किया और बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के मुताबिक, 9 जुलाई 2026 को रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को एक बेहद गोपनीय और सटीक इनपुट मिला था। सूचना यह थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त डीलिंग चल रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। विशेष टीम जैसे ही बंगाली टोला स्थित मुख्य सरगना राजा शिव दत्त मलिक के घर की घेराबंदी करने पहुंची, वैसे ही वहां हड़कंप मच गया। पुलिस की गाड़ियां देखकर घर के बाहर खड़ा एक संदिग्ध युवक अंधेरे का फायदा उठाकर तेजी से भागने लगा। लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और उसे खदेड़कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान आसिफ खान के रूप में बताई। गिरफ्तारी के बाद, एनडीपीएस एक्ट की धारा-50  के कड़े कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में जब आसिफ खान की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से करीब ३ ग्राम शुद्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आसिफ टूट गया और उसने कबूल किया कि वह बंगाली टोला के राजा शिव दत्त मलिक उर्फ राजा से यह माल खरीदकर ऊंचे दामों में बेचने जा रहा था। आसिफ के कबूलनामे के तुरंत बाद, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम ने राजा शिव दत्त मलिक के घर पर धावा बोल दिया। पूरे घर की सघन तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ जो सबूत लगे, उसने सभी को चौंका दिया। राजा के ठिकाने से 12  ग्राम अतिरिक्त ब्राउन शुगर, नशीले पदार्थ को रत्ती-रत्ती मापने वाली दो आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें,1 लाख 70 हजार रुपये की नगद राशि,तस्करी की डीलिंग में इस्तेमाल होने वाला एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब पुलिस ने बरामद लाखों रुपये की नगदी और नशीले पदार्थों के वैध दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की, तो दोनों आरोपी बगलें झांकने लगे और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। ग्रामीण एसपी ने साफ किया कि जब्त की गई नगदी सीधे तौर पर नशे के इस काले कारोबार से अर्जित की गई थी, जिसे साक्ष्य के रूप में विधिवत सील कर दिया गया है। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की यह खेप रांची में कहाँ से सप्लाई हो रही थी और इस नेटवर्क के तार किन-किन सफेदपोशों या बड़े अंतर्राज्यीय तस्करों से जुड़े हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े कुछ और बड़े नामों का खुलासा किया जाएगा।
 


संबंधित आलेख: