अयोध्या में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई! अवैध शराब की दो भट्टियां ध्वस्त, 500 किलो लहन और 15 लीटर कच्ची शराब नष्ट की
अयोध्या। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में बीकापुर आबकारी टीम ने थाना तारून क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आकस्मिक दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकानों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो सक्रिय भट्टियों को नष्ट करने के साथ ही बड़ी मात्रा में लहन और अवैध कच्ची शराब बरामद की। जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक आनंद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र-2 बीकापुर के अंतर्गत ग्राम डगरा भारी और बरेहटा में छापेमारी की। दोनों स्थानों पर जांच के दौरान अवैध कच्ची शराब तैयार करने के लिए संचालित दो सक्रिय भट्टियां मिलीं। आबकारी टीम ने मौके पर ही दोनों भट्टियों को नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब तैयार करने की प्रक्रिया को रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 500 किलोग्राम लहन भी बरामद किया। टीम द्वारा लहन को नियमानुसार नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा मौके से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जिसे कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई। शराब तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को भी टीम ने जब्त कर लिया। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आबकारी निरीक्षक आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार दबिश और जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल प्रताप वर्मा, संजीत सिंह तथा कांस्टेबल सीता, अंकुर गौतम और संदीप सिंह राठौर शामिल रहे। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।