• Home
  • News
  • Major Disaster Averted in Tehri Garhwal: Bus Carrying Char Dham Pilgrims from Gangotri to Kedarnath Overturns; 5 Injured

टिहरी गढ़वाल में टला बड़ा हादसा: गंगोत्री से केदारनाथ जा रही चारधाम तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 5 घायल

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 01, 2026 11:06 AM
Major Disaster Averted in Tehri Garhwal: Bus Carrying Char Dham Pilgrims from Gangotri to Kedarnath Overturns; 5 Injured

टिहरी। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच टिहरी गढ़वाल जिले से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्री गंगोत्री धाम के दर्शन करने के बाद बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए आगे बढ़ रहे थे। गनीमत यह रही कि बस खाई में गिरने के बजाय हाईवे की सड़क पर ही पलट गई, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। दुर्घटना के वक्त बस में स्टाफ सहित कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें से पांच यात्रियों को चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:00 बजे धरासू-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर चंबा की तरफ जौलंगी गांव के पास यह वाकया पेश आया। तीखे मोड़ पर अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मारते हुए बीच सड़क पर ही पलट गई। बस के पलटते ही भीतर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युद्ध स्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस के शीशे और दरवाजे के रास्ते सभी 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने बताया कि इस वाहन में 18 तीर्थयात्री, भोजन बनाने के लिए रखे गए दो कुक (रसोइये), एक ड्राइवर और एक कंडक्टर सवार थे। हादसे में जिन पांच यात्रियों को चोटें आई हैं, वे सभी दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के जरिए सभी पांचों घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा और जिला चिकित्सालय बौराड़ी भिजवाया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से पूरी तरह बाहर हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्या यह हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या मोड़ पर तेज गति के कारण, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। वहीं, दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे करवाते हुए यातायात को दोबारा सुचारू कराया। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।


 


संबंधित आलेख: