• Home
  • News
  • Major fire at a car service center on Kaladhungi Road in Haldwani! Cash worth 1.5 lakh, spare parts, and a scooter reduced to ashes.

हल्द्वानी में कालाढूंगी रोड स्थित कार सर्विस सेंटर में भीषण आग! डेढ़ लाख की नकदी, स्पेयर पार्ट्स और स्कूटी जलकर राख

editor
  • Awaaz Desk
  • November 01, 2026 01:11 PM
Major fire at a car service center on Kaladhungi Road in Haldwani! Cash worth 1.5 lakh, spare parts, and a scooter reduced to ashes.

हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर ऊंचापुल के पास स्थित एक कार सर्विस सेंटर में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग सर्विस सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर, पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर वाले हिस्से में भड़की, जिससे वर्कशॉप में काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने दो वाटर टेंडरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और इसे आसपास की अन्य दुकानों व मुख्य वर्कशॉप क्षेत्र में फैलने से रोक लिया। सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे अचानक धुआं और लपटें उठती दिखीं। जिस हिस्से में आग लगी, वहीं बिलिंग काउंटर भी मौजूद था। अग्निकांड में काउंटर में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, ग्राहकों के बैठने के लिए रखा सोफा-फर्नीचर, महत्वपूर्ण बिल बुक, भारी मात्रा में मोबिल ऑयल, टायर, स्पेयर पार्ट्स और वहां खड़ी एक स्कूटी जलकर पूरी तरह राख हो गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार एवं एफएसओ मिंदर पाल सिंह ने बताया कि दमकल टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते आग को चारों तरफ से घेरकर शांत किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि नुकसान के सही आकलन और आग के वास्तविक कारणों की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।


संबंधित आलेख: