मालवीय नगर अग्निकांड: बेकसूर केशव नेगी के समर्थन में उतरा पूरा उत्तराखंड,पूर्व सीएम त्रिवेंद्र बोले-कोई निर्दोष सजा नहीं भुगतेगा
देहरादून। नई दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड प्रकरण के बाद होटल के कुक और उत्तराखंड के मूल निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है। इस संकट की घड़ी में पूरा उत्तराखंड केशव नेगी को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हो गया है। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केशव नेगी के समर्थन में आते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन को कड़ा संदेश दिया है।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोशल मीडिया पर मुखर होकर कहा कि पूरा उत्तराखंड अपने भाई केशव को न्याय दिलाने के लिए मजबूती से खड़ा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "केशव नेगी के साथ हर हाल में न्याय होगा। किसी भी कीमत पर कोई निर्दोष व्यक्ति सजा नहीं भुगतेगा।" उनके इस बयान के बाद इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया है। सीएम धामी ने इस प्रकरण को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर लंबी वार्ता की। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार देश के किसी भी कोने में रहने वाले अपने प्रवासी भाई-बहनों के हितों और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। उत्तराखंड के कड़े रुख के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएम धामी को पूरी तरह आश्वस्त किया कि दिल्ली में किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ कतई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरे अग्निकांड की जांच पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल ठोस तथ्यों व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे बढ़ेगी। दिल्ली सरकार से मिले आश्वासन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली सरकार और जांच से जुड़ी संबंधित एजेंसियां पूरी निष्पक्षता के साथ काम करेंगी और जल्द ही सत्य सबके सामने आएगा। उन्होंने दोहराया कि देश के किसी भी राज्य में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के सुख-दुख में प्रदेश सरकार हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रशासनिक स्तर पर कदम उठाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जेल में बंद केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से खुद फोन पर बात की। सीएम ने संकट की इस घड़ी में कनिष्का और उसके परिवार को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कनिष्का को भरोसा दिया कि उसकी सरकार केशव नेगी की सुरक्षित रिहाई और मामले में कानूनी पैरवी के लिए हर संभव वित्तीय और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराएगी।