मन की बातः ईश्वर ने हमें बहुत बड़ा सौभाग्य दिया, हम अद्भुत और ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे! लिंक में पढ़ें तिरंगा से लेकर मिंजर मेले तक पीएम मोदी के भाषण की खास बातें
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम के 91वें एपिसोड में देशवासियों को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार ‘मन की बात’ बहुत खास है, इसका कारण है कि इस बार का स्वतंत्रता दिवस, जब भारत अपनी आज़ादी के 75 वर्ष पूरे करेगा। हम सभी बहुत अद्भुत और ऐतिहासिक पल के गवाह बनने जा रहे हैं, ईश्वर ने ये हमें बहुत बड़ा सौभाग्य दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि आप भी सोचिए, अगर हम गुलामी के दौर में पैदा हुए होते, तो, इस दिन की कल्पना हमारे लिए कैसी होती? गुलामी से मुक्ति की वो तड़प, पराधीनता की बेड़ियों से आज़ादी की वो बेचैनी - कितनी बड़ी रही होगी। पीएम ने कहा कि जब हम, हर सुबह इस सपने के साथ जग रहे होते, कि मेरा हिंदुस्तान कब आज़ाद होगा और हो सकता है हमारे जीवन में वो भी दिन आता जब वंदेमातरम और भारत माँ की जय बोलते हुए, हम आने वाली पीढ़ियों के लिए, अपना जीवन समर्पित कर देते, जवानी खपा देते।
पीएम मोदी ने तमिल स्वतंत्रता सेनानी वान्चीनाथन के साथ ही कर्नाटक के अमृता भारती कन्नडार्थी समारोह का जिक्र किया। साथियो, 31 जुलाई यानी आज ही के दिन, हम सभी देशवासी, शहीद उधम सिंह जी की शहादत को नमन करते हैं। मैं ऐसे अन्य सभी महान क्रांतिकारियों को अपनी विनम्र श्रद्दांजलि अर्पित करता हूँ जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। पीएम ने कहा कि आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत, 13 से 15 अगस्त तक, एक Special Movement – ‘हर घर तिरंगा- हर घर तिरंगा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस मूवमेंट का हिस्सा बनकर 13 से 15 अगस्त तक, आप, अपने घर पर तिरंगा जरुर फहराएं, या उसे, अपने घर पर लगाएं। पीएम ने कहा कि तिरंगा हमें जोड़ता है, हमें देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है। पीएम मोदी ने कहा, मेरा एक सुझाव ये भी है, कि 2 अगस्त से 15 अगस्त तक, हम सभी, अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पिक्चर में तिरंगा लगा सकते हैं।
पीएम ने कहा कि मुझे हिमाचल प्रदेश से ‘मन की बात’ के एक श्रोता, आशीष बहल जी का एक पत्र मिला है। उन्होंने अपने पत्र में चंबा के ‘मिंजर मेले’ का जिक्र किया है, दरअसल, मिंजर मक्के के फूलों को कहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जब मक्के में मिंजर आते हैं, तो मिंजर मेला भी मनाया जाता है। इस मेले में, देशभर के पर्यटक दूर-दूर से हिस्सा लेने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि संयोग से मिंजर मेला इस समय चल भी रहा है। अगर हिमाचल घूमने गए हुए हैं तो इस मेले को देखने चंबा जा सकते हैं।