मन की बातः प्रधानमंत्री मोदी बोले- दुनिया में छाया है पेरिस ओलंपिक! भारतीय खिलाड़ियों का बढ़ाएं हौसला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 112वें एपिसोड को सम्बोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया में पेरिस ओलंपिक छाया हुआ है। ओलंपिक हमारे खिलाड़ियों को विश्व पटल पर तिरंगा लहराने का मौका देता है, देश के लिए कुछ कर गुजरने का मौका देता है। आप भी अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाइए, चीयर फॉर भारत। पीएम मोदी ने मैथ्य ओलंपियाड के विजेता भारतीय छात्रों से बात की। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले मैथ्स की दुनिया में भी एक ओलंपिक हुआ है। इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड। इस ओलंपियाड में भारत के छात्रों ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें हमारी टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल मैथ्स ओलंपियाड में 100 से अधिक देशों के युवा प्रतिभागी भाग लेते हैं और हमारी टीम ने शीर्ष पांच देशों में सफलतापूर्वक स्थान प्राप्त किया है। देश का नाम रोशन करने वाले इन छात्रों के नाम हैं। पुणे के आदित्य वेंकट गणेश, पुणे के सिद्धार्थ चोपड़ा, दिल्ली के अर्जुन गुप्ता, ग्रेटर नोएडा के कनव तलवार, मुंबई के रुशिल माथुर और गुवाहाटी के आनंद भादुड़ी। प्रधानमंत्री ने असम के चराईदेउ मैदाम को यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस लिस्ट में यह भारत की 43वीं, लेकिन नॉर्थईस्ट की पहली साइट होगी। चराईदेउ अहोम राजवंश की पहली राजधानी थी। अहोम राजवंश के लोग अपने पूर्वजों के शव और उनकी कीमती चीजों को पारंपरिक रूप से मैदाम में रखते।