बागेश्वर में मोबाइल दुकान में लगी भीषण आग! लाखों का सामान जलकर राख, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
बागेश्वर। तहसील रोड स्थित एक होलसेल मोबाइल दुकान में देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे मोबाइल फोन समेत अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा मोबाइल फोन और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। बताया जा रहा है कि यह दुकान पिथौरागढ़ जिले के मदकोट निवासी चंपा देवी की है। आग की घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।