• Home
  • News
  • Massive Fire Breaks Out in Haridwar's Bahadrabad Industrial Area: Chaos Ensues as Flames Rage; Losses Amount to Lakhs

हरिद्वार के बहादराबाद इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण अग्निकांड: लपटों के तांडव से मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 26, 2026 01:04 PM
Massive Fire Breaks Out in Haridwar's Bahadrabad Industrial Area: Chaos Ensues as Flames Rage; Losses Amount to Lakhs

हरिद्वार। तीर्थनगरी के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक प्रसिद्ध इन्फोटेक कंपनी में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं के काले गुबार में तब्दील हो गई। भीषण गर्मी के बीच भड़की इस आग ने आसपास की इकाइयों को भी दहशत में डाल दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते किए गए बचाव कार्यों के चलते कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्ट्री को भारी आर्थिक चपत लगने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित 'एचपीएम इन्फोटेक' कंपनी, जहां पंखों के पार्ट्स तैयार किए जाते हैं, वहां शुक्रवार दोपहर अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। फैक्ट्री के भीतर ज्वलनशील पदार्थ और प्लास्टिक पार्ट्स होने के कारण आग ने पलक झपकते ही विकराल रूप धारण कर लिया। काम कर रहे कर्मचारियों के बीच भगदड़ मच गई और आनन-फानन में परिसर को खाली कराया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सिडकुल और मायापुर फायर यूनिट की तीन गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। हरिद्वार के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) वंश बहादुर यादव ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में लगा फायर हाइड्रेंट सिस्टम दुरुस्त था, जिससे आग बुझाने में काफी मदद मिली। दमकल कर्मियों को पानी के लिए दूर नहीं भागना पड़ा और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हादसे के कारणों पर बात करते हुए सीएफओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में 'शॉर्ट सर्किट' आग लगने का मुख्य कारण नजर आ रहा है। संभवतः भीषण गर्मी के कारण लोड बढ़ने या तारों के आपस में टकराने से चिंगारी उठी और यह हादसा हो गया। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। आग का धुआं इतना घना और काला था कि वह कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में दिखाई दे रहा था। इससे बहादराबाद क्षेत्र के निवासियों और अन्य फैक्ट्री मालिकों में दहशत का माहौल रहा। फैक्ट्री प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। अग्निशमन विभाग ने अन्य फैक्ट्रियों को भी अपने फायर सेफ्टी सिस्टम को अपडेट रखने और भीषण गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।


संबंधित आलेख: